संपादित-प्रदूषण--प्रदूषण फैलाने वालों पर हो रही कार्रवाई : रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदूषण के खिलाफ उपायों की जानकारी दी। इनमें धूल नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन में वृद्धि और मेट्रो कनेक्टिविटी शामिल हैं। सरकार ने प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है, और 388 एंटी-स्मॉग गन और 270 वाटर स्प्रिंकलर जैसे उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार लगातार उपाय कर रही है। इनमें धूल नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन में बढ़ोतरी, मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाने सहित अन्य उपाय शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि जमीनी स्तर पर प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। धूल नियंत्रण, खुले में आग जलाने, औद्योगिक प्रदूषण और वाहन प्रदूषण पर हजारों टीमें दिन-रात कार्य कर रही हैं। जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस और नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा निरीक्षण, चालान और जुर्माने की कार्रवाई तेज की गई है। सरकार द्वारा विभिन्न इलाकों में 388 एंटी-स्मॉग गन, 270 वाटर स्प्रिंकलर और 75 मैकेनिकल रोड स्वीपर प्रतिदिन हजारों किलोमीटर सड़कों को साफ कर रहे हैं।
इसके अलावा 13 प्रमुख प्रदूषण हॉट स्पॉट पर 326 मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाए गए हैं। मलबे के प्रबंधन के लिए एमसीडी, एनडीएमसी व दिल्ली कैंट के मौजूदा संग्रहण स्थलों के अलावा नए स्थल विकसित किए गए हैं। ग्रैप के तहत सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाया गया है। ग्रैप-3 में 60 अतिरिक्त मेट्रो फेरे लगाए जा रहे हैं, ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा 44 मेट्रो स्टेशनों पर 1,823 ई-ऑटो तैनात किए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन