अपडेट::: पुलिस अधिकारी ने धीरेंद्र शास्त्री के पैर छुए, कांग्रेस ने स्पष्टीकरण मांगा
-सराकारी विमान के उपयोग पर विवाद -भाजपा ने कहा, अधिकारी की व्यक्तिगत आस्था

रायपुर, एजेंसी। बागेश्वर धाम के प्रमुख और कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शास्त्री को सरकारी विमान से रायपुर पहुंचते हुए देखा गया है। इस दौरान वर्दी में एक पुलिस अधिकारी पहले राज्य मंत्री को सलामी देता है और फिर जूते व टोपी उतारकर धीरेंद्र शास्त्री के पैर छूता है। धीरेंद्र शास्त्री गुरुवार को राज्य मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के साथ रायपुर पहुंचे थे। उन्हें दुर्ग जिले के भिलाई में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना था। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी विमान के इस्तेमाल और पुलिस अधिकारी के आचरण पर सवाल उठने लगे।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग और वर्दी की मर्यादा के खिलाफ बताया। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि पुलिस अधिकारी ने पहले संवैधानिक कर्तव्य निभाया और बाद में निजी आस्था के तहत गुरु के पैर छुए। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि एक धार्मिक कथावाचक के लिए सरकारी विमान भेजना सार्वजनिक धन की बर्बादी है। उन्होंने पूछा कि किस संवैधानिक अधिकार के तहत धीरेंद्र शास्त्री के लिए विमान की व्यवस्था की गई। उन्होंने सरकार से आधिकारिक स्पष्टीकरण की मांग की है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि पुलिस अधिकारी का गुरु के प्रति सम्मान व्यक्त करना उसकी व्यक्तिगत आस्था है। उन्होंने सवाल किया कि जब रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर मुस्लिम कर्मचारी नमाज पढ़ते हैं तो कांग्रेस को आपत्ति क्यों नहीं होती।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन