कांग्रेस गली-गली वाली नहीं गाली वाली पार्टी बन गई: भाजपा
बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा प्रवक्ता ने इसे लोकतंत्र का अपमान बताते हुए कहा कि राहुल...

नई दिल्ली, एजेंसी। बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए संबोधित किए गए शब्दों पर भाजपा ने गुरुवार को आपत्ति दर्ज कराते हुए कांग्रेस को गाली देने वाली पार्टी बताया है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माता के लिए जिन शब्दों का प्रयोग किया उसने लोकतंत्र को शर्मसार कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में एक यात्रा चल रही है और उस यात्रा में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग हो रहा है, यह बड़े दुख और क्षोभ का विषय है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक मर्यादा होती है, सुषमा स्वराज ने एक बार सदन में कहा था कि हम शत्रु नहीं हैं, विचारधारा के आधार पर विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि इस भाषा के जनक राहुल गांधी हैं, जिन्होंने दरभंगा की रैली के मंच से प्रधानमंत्री की मां और प्रधानमंत्री के लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इससे लगभग 5-7 दिन पहले से राहुल गांधी प्रधानमंत्री को तू कहकर संबोधित कर रहे हैं। पात्रा ने कहा कि जो पार्टी अपने आप को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती थी, वह महात्मा गांधी की पार्टी थी लेकिन, आज जो पार्टी अपने आप को तथाकथित रूप से स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती है, वह आज गाली वाली पार्टी बन गई है। पात्रा ने कहा कि आज भाषा की मर्यादा तार-तार हो रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार की जनता इस प्रकार की भाषा को देख और परख रही है, जो समय आने पर इसका जवाब भी देगी। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार की जा चुकी हैं। प्रधान ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल बहुत ही शर्मनाक एवं निंदनीय है। यह भाषा राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत पूरे इंडी गठबंधन द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के प्रति नफरत की पराकाष्ठा को दर्शाती है। राजद-कांग्रेस के चुनावी मंच से आई यह घृणित टिप्पणी बिहार और देशभर के हर उस भारतीय का अपमान है जो अपनी मां को भगवान के समान मानता है। प्रधान ने कहा, जनता का आशीर्वाद और समर्थन न मिलने की हताशा अब इन नेताओं की भाषा और आचरण में साफ दिखाई दे रही है। बिहार की जनता सब देख रही है। पहले बिहार का अपमान और अब प्रधानमंत्री की माताजी के लिए यह असंवेदनशील और अमर्यादित व्यवहार, जनता अपने वोट की चोट से इसका जवाब देगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन