new delhi railway station ajmeri gate new parking charges pick drop facility नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नई पार्किंग शुरू, पिक एंड ड्रॉप शुल्क में बड़ी राहत, Ncr Hindi News - Hindustan
More

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नई पार्किंग शुरू, पिक एंड ड्रॉप शुल्क में बड़ी राहत

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट पर गुरुवार से नई पार्किंग सुविधा शुरू हो रही है, जिसमें पार्किंग क्षेत्र को दोगुना करने के साथ-साथ पिक एंड ड्रॉप शुल्क में कटौती कर यात्रियों को बड़ी राहत दी गई है।

Thu, 25 Dec 2025 05:23 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। अमित झा
share
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नई पार्किंग शुरू, पिक एंड ड्रॉप शुल्क में बड़ी राहत

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ नई पार्किंग गुरुवार से शुरू हो जाएगी। वाहनों की अधिक संख्या को देखते हुए पार्किंग क्षेत्र को दोगुना किया गया है। पिंक एंड ड्राॅप शुल्क में भी राहत दी गई है।

रेलवे ने यहां दो प्रीमियम पार्किंग बनाई हैं। बैरियर से प्रवेश करने के बाद वाहन चालकों के पास दोनों प्रीमियम पार्किंग या सामान्य पार्किंग में जाने का विकल्प होगा। इसके साथ ही पिक एंड ड्रॉप की सुविधा पहले की तरह चलेगी, जिसमें 8 मिनट तक वाहन के लिए कोई शुल्क नहीं होगा। आठ से 15 मिनट के लिए 50 रुपये, 15 से 30 मिनट के लिए 150 रुपये और इससे अधिक के लिए 200 रुपये चुकाने होंगे। पहले 15 से 30 मिनट के लिए 200 रुपये एवं उससे ज्यादा पर 500 रुपये शुल्क लिया जाता था।

जाम लगने पर जुर्माने का प्रावधान

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ लोग पिक एंड ड्रॉप की सुविधा के दौरान जाम में न फंसे, रेलवे यह सुनिश्चित करने में जुटा है। नई पार्किंग व्यवस्था में अगर लेन किसी भी गाड़ी की वजह से बाधित हुई तो इसके लिए पार्किंग ठेकेदार पर जुर्माने का प्रावधान रहेगा।

रेलवे के अनुसार नई व्यवस्था के तहत यहां पर कुल तीन तरह की पार्किंग उपलब्ध होंगी। पहली सामान्य पार्किंग होगी जिसमें साइकिल, दुपहिया एवं कार को खड़े करने की व्यवस्था होगी। यहां दो घंटे तक के लिए साइकिल से न्यूनतम 3 रुपये, दुपहिया से 20 रुपये और कार सवार को 50 रुपये देने होंगे। दूसरी प्रीमियम पार्किंग होगी जिसमें पहले दो घंटे के लिए 150 रुपये शुल्क लिया जाएगा और इसके बाद प्रत्येक घंटे के लिए 100 रुपये पार्किंग शुल्क चुकाना होगा। अजमेरी गेट की तरफ प्रवेश बैरियर के समीप पहली जबकि यात्री सुविधा शिविर के पास दूसरी प्रीमियम पार्किंग होगी। तीसरी पार्किंग व्यवसायिक वाहनों जैसे ऑटो, टैक्सी, टेंपो एवं बस के लिए होगी। इसमें ऑटो को 35 रुपये, कैब को 50 रुपये, बस को 100 रुपये और टेंपो को 75 रुपये दो घंटे के देने होंगे। पिक एंड ड्रॉप सुविधा वाली लेन पर कोई गाड़ी खड़ी कर उसे प्रभावित नहीं करेंगे। इससे जाम की समस्या का सामना लोगों को नहीं करना पड़ेगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।