NEET पेपर लीक के तार गुरुग्राम से भी जुड़े, BAMS फर्स्ट ईयर के छात्र को साथ ले गई राजस्थान पुलिस
NEET-UG 2026 के प्रश्न पत्र लीक होने के तार गुरुग्राम से भी जुड़ गए हैं। उत्तराखंड के एक आयुर्वेदिक कॉलेज में बैचलर ऑफ आयुर्वेद, मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) के फर्स्ट ईयर में पढ़ रहे एक छात्र को राजस्थान पुलिस ने गुरुग्राम के फर्रुखनगर से हिरासत में लिया है।

NEET-UG 2026 के प्रश्न पत्र लीक होने के तार गुरुग्राम से भी जुड़ गए हैं। उत्तराखंड के एक आयुर्वेदिक कॉलेज में बैचलर ऑफ आयुर्वेद, मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) के फर्स्ट ईयर में पढ़ रहे एक छात्र को राजस्थान पुलिस ने गुरुग्राम के फर्रुखनगर से हिरासत में लिया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि शक है कि वह उन मुख्य कड़ियों में से एक है, जिसने लीक हुए पेपर को फैलाया था। पुलिस ने बताया कि उसने यह पेपर महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले एक अन्य बीएएमएस छात्र से 15 लाख रुपये में खरीदा था।
नासिक का यह संदिग्ध तीसरे वर्ष का छात्र है, जो भोपाल के एक कॉलेज में पढ़ता है। उसने 10 लाख रुपये में पेपर लीक करवाया था। पुलिस ने बताया कि फर्रुखनगर के इसी छात्र के ज़रिए लीक हुए पेपर और उनके उत्तर राजस्थान के सीकर में मौजूद छात्रों तक पहुंचे थे।
गुरुग्राम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फर्रुखनगर का यह छात्र पहले राजस्थान के सीकर में रहता था। उसने अपनी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए वहां के एक कोचिंग संस्थान में काफी समय तक पढ़ाई की थी। वह अभी भी सीकर के कई छात्रों और कोचिंग संस्थानों के संपर्क में था।इसलिए शायद उसने लीक हुए पेपर उन्हें सौंप दिया।
गुरुग्राम पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की एक टीम सोमवार रात खुर्रमपुर पहुंची थी और पेपर लीक मामले में शामिल होने के शक में एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि राजस्थान पुलिस की टीम ने खुर्रमपुर में संदिग्ध को हिरासत में लेने के लिए की गई इस छापेमारी के बारे में कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि यह लीक गुरुग्राम में नहीं हुआ था। अगर किसी भी राज्य की पुलिस हमसे मदद मांगती है तो हम निश्चित रूप से कार्रवाई करेंगे। इस मामले की जांच पहले ही सीबीआई ने अपने हाथ में ले ली है।
इस बीच, गुरुग्राम पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फर्रुखनगर के रहने वाले उस छात्र की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए एक आंतरिक जांच शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि हम इस बारे में जानकारी जुटा रहे हैं कि परीक्षा से पहले और परीक्षा के दिन वह गुरुग्राम में था या कहीं और। अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान पुलिस की टीम ने संदिग्ध से उसके घर पर परिवार वालों के सामने कई मिनट तक पूछताछ की।




साइन इन