NDMC ने दिल्ली के इस कॉम्प्लेक्स को किया असुरक्षित घोषित, 7 मार्च तक खाली करने के लिए कहा
कॉम्प्लेक्स की जर्जर हालत को देखते हुए एनडीएमसी अधिकारियों ने यहां रहने वाले सभी निवासियों और आम जनता को सूचित करते हुए उक्त आवासीय परिसर को तत्काल प्रभाव से परिसर खाली करने की सलाह दी है।

नई दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (NDMC) ने हाल ही में एक सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए शहर के पालिका धाम कॉम्प्लेक्स को असुरक्षित घोषित कर दिया है। परिषद के नगर पालिका आवास विभाग द्वारा जारी किए गए इस पब्लिक नोटिस में कहा गया है कि गोल मार्केट स्थित इस आवासीय परिसर की संरचना जर्जर हो चुकी है और इसे निवास के लिए असुरक्षित पाया गया है। यहां तक कि विभाग ने यहां रहने वाले लोगों से 7 मार्च (शनिवार) तक परिसर को खाली करने के लिए भी कहा है।
संयुक्त निदेशक की तरफ से जारी हुई सूचना
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद पालिका केंद्र की संयुक्त निदेशक अनु फोगाट की तरफ से जारी इस सूचना में बताया गया है कि गोल मार्केट स्थित पालिका धाम कॉम्प्लेक्स (टाइप-1 क्वार्टर) संरचनात्मक रूप से जर्जर हो चुका है, जिसके चलते एजेंसी ने इसे किसी भी प्रकार के निवास हेतु असुरक्षित घोषित कर दिया है।
तत्काल प्रभाव से परिसर को खाली करने की दी सलाह
ऐसे में कॉम्प्लेक्स की जर्जर हालत को देखते हुए उन्होंने यहां रहने वाले सभी निवासियों और आम जनता को सूचित करते हुए उक्त आवासीय परिसर को तत्काल प्रभाव से परिसर खाली करने की सलाह दी। फोगाट ने कहा कि जर्जर होने की वजह से यहां किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना/दुर्घटना/जनहानि आदि की आशंका को देखते हुए और उसे रोकने के उद्देश्य से, यहां रहने वाले सभी आवंटियों और निवासियों को सार्वजनिक सुरक्षा के हित में तत्काल प्रभाव से परिसर खाली करने की सलाह दी जाती है।
आगे उन्होंने कहा कि, NDMC पालिका धाम कॉम्प्लेक्स में रहने वाले सभी निवासियों से आग्रह करता है कि वे NDMC प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें तथा मानव जीवन को किसी भी प्रकार के जोखिम से बचाने हेतु, परिसर को 7 मार्च 2026 तक खाली करने की प्रक्रिया पूर्ण करें।

दिल्ली में चार दिवसीय पुष्प महोत्सव का उद्घाटन
उधर कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में NDMC द्वारा मंगलवार से चार दिवसीय पुष्प महोत्सव शुरू किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है, इसे सुंदर बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है ताकि हमारे शहर की खूबसूरत छवि दुनिया भर में फैले। गुप्ता ने कहा कि एक समय था जब दिल्ली वाले ट्यूलिप के लिए कश्मीर जाते थे लेकिन अब NDMC हर साल दिल्ली में ट्यूलिप के फूल की बहार ला रही है, जिसका दिल्ली वाले खूब मज़ा ले रहे हैं और ट्यूलिप के साथ सेल्फी ले रहे हैं। यह ट्यूलिप फेस्टिवल दिल्ली वालों के लिए अब सेल्फी फेस्टिवल बन गया है।
'दिल्ली के दूसरे विभागों भी NDMC से सीखना चाहिए'
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की दूसरी संस्थाओं और विभागों को भी एनडीएमसी की इन कोशिशों से बहुत कुछ सीखना चाहिए और राजधानी के हर इलाके को फूलों से हरा-भरा और रंगीन बनाना चाहिए। दिल्ली देश की राजधानी है, इसे सुंदर बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि हमारे शहर की खूबसूरत छवि दुनिया भर में फैले। राजधानी की खूबसूरत तस्वीर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक भी पहुंचनी चाहिए।




साइन इन