ndmc budget 2026 safe city project lutyens zone cctv miyawaki forest लुटियंस दिल्ली की सड़कें दो हजार सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगी, NDMC बजट में क्या-क्या?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

लुटियंस दिल्ली की सड़कें दो हजार सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगी, NDMC बजट में क्या-क्या?

एनडीएमसी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुनाफे का बजट पेश किया है, जिसमें निर्भया फंड से 2000 सीसीटीवी कैमरे लगाने, डार्क स्पॉट खत्म करने और स्कूली बच्चों को एआई ट्रेनिंग देने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।

Thu, 8 Jan 2026 08:40 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
लुटियंस दिल्ली की सड़कें दो हजार सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगी, NDMC बजट में क्या-क्या?

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने बुधवार को प्रस्तुत बजट में सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत लुटियन जोन में दो हजार सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की। साथ ही प्रदूषण की रोकथाम, हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण सुधार और सेवाओं को आसान बनाने पर जोर दिया है।

एनडीएमसी प्रमुख केशव चंद्रा ने बताया कि दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर भारत सरकार की निर्भया फंड स्कीम के तहत सेफ सिटी प्रोजेक्ट को लागू किया जाएगा। एनडीएमसी और दिल्ली पुलिस के बीच सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड साझा की जाएगी। चंद्रा ने बताया कि परियोजना पर पहले से ही काम शुरू किया जा चुका है और अभी तक 82 सीसीटीवी कैमरों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के साथ जोड़ दिया गया है।

डार्क स्पॉट होगा खत्म

एनडीएमसी प्रमुख केशव चंद्रा ने बताया कि क्षेत्र के डार्क स्पॉट खत्म करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। पिछले साल वित्तीय वर्ष में लगभग 700 डार्क स्पॉट की पहचान की गई और यहां से अंधेरा दूर किया गया। अब फिर से डार्क स्पॉट के लिए जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण किया जा रहा है।

तैयार होगा मियावाकी फॉरेस्ट

एनडीएमसी क्षेत्र को देश के सबसे ज्यादा हरे-भरे स्थानीय निकायों में शामिल किया जाता है। परिषद अपने क्षेत्र की हरियाली में और इजाफा करने की योजना पर काम कर रही है। इस क्रम में दो जगहों पर मियावाकी फॉरेस्ट तैयार करने की योजना है।

धूल मुक्त एनडीएमसी

एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि परिषद का लक्ष्य पूरे एनडीएमसी क्षेत्र को धूल मुक्त बनाने पर है। इस क्रम में पूरी तरह से मैकेनिकल स्वीपिंग पर जोर दिया जा रहा है।

पानी के 40 सैंपल प्रतिदिन लिए जा रहे

एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि नई दिल्ली क्षेत्र में स्वच्छ पानी की आपूर्ति के लिए परिषद पूरी तरह सचेत है। हर दिन एनडीएमसी क्षेत्र में 45 जगहों से पानी के नमूने लिए जाते हैं। इनकी जांच की जाती है।

स्कूली बच्चे एआई का करेंगे उपयोग

एनडीएमसी स्कूलों के बच्चे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करेंगे। विद्यार्थियों के लिए एआई के 15 टूल के प्रशिक्षण का कार्यक्रम तैयार किया गया है। परिषद के पास एआई के 300 प्रशिक्षित विद्यार्थियों की टीम है।

143 करोड़ रुपये के मुनाफे का बजट

एनडीएमसी ने लगातार मुनाफे का बजट प्रस्तुत करने का ट्रेंड बनाए रखा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 143.05 करोड़ रुपये के कुल मुनाफे का बजट प्रस्तुत किया गया है। एनडीएमसी ने लोगों पर कोई भी नया कर नहीं लगाया है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।