namo bharat train obscene behavior case registered by muradnagar police नमो भारत ट्रेन में अश्लील हरकत को लेकर लड़का-लड़की पर केस, पुलिस ने शुरू की जांच, Ncr Hindi News - Hindustan
More

नमो भारत ट्रेन में अश्लील हरकत को लेकर लड़का-लड़की पर केस, पुलिस ने शुरू की जांच

एनसीआरटीसी ने नमो भारत ट्रेन में एक लड़का और लड़की के अश्लील हरकत करने के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए मुरादनगर थाने में केस दर्ज कराया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। 

Tue, 23 Dec 2025 08:11 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
नमो भारत ट्रेन में अश्लील हरकत को लेकर लड़का-लड़की पर केस, पुलिस ने शुरू की जांच

नमो भारत ट्रेन में एक लड़का और लड़की के अश्लील हरकत करने के मामले में एनसीआरटीसी ने कड़ा रुख अपनाया है। NCRTC ने इस मामले में मुरादनगर थाने में केस दर्ज कराया है। करीब एक हफ्ते पहले इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसे लेकर लोगों ने कड़ा कदम उठाए जाने की मांग की थी। एनसीआरटीसी ने वीडियो वायरल करने वाले ऑपरेटर को पहले ही बर्खास्त कर दिया था। एनसीआरटीसी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह घटना करीब एक हफ्ते पहले की है। ट्रेन के भीतर एक लड़का और लड़की के आपत्तिजनक कृत्य का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई थी। एनसीआरटीसी ने इस मामले में सख्त ऐक्शन लेते हुए उस कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया था जिसने इस वीडियो को वायरल किया था। अब एनसीआरटीसी के अधिकारी दुष्यंत कुमार की शिकायत पर पुलिस ने लड़का-लड़की के साथ ऑपरेटर के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है।

एसीपी मसूरी सर्किल लिपि नगायच के अनुसार, इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी साफ कर दिया कि नमो भारत ट्रेन में इस तरह के अमर्यादित व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हाल ही में नमो भारत ट्रेन ने 2 वर्षों के भीतर दो करोड़ यात्रियों के सफर का आंकड़ा पूरा किया था। अक्टूबर 2023 में साहिबाबाद से दुहाई के बीच शुरू हुई इस सेवा का दिल्ली और मेरठ की ओर चरणबद्ध विस्तार किया गया है। इसके बाद से यात्रियों की संख्या में भारी उछाल आया है। एनसीआरटीसी के आंकड़े बताते हैं कि नवंबर 2023 में मासिक यात्री संख्या 72,000 थी लेकिन जुलाई 2025 तक यह आंकड़ा बढ़कर 15 लाख के करीब पहुंच गई है। आनंद विहार जैसे प्रमुख स्टेशनों के जुड़ने से अब हर दिन औसतन 60 हजार लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।