Namo Bharat Train journey from New Ashok Nagar to Sahibabad wait increased on delhi meerut rrts दिल्ली के न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद तक नमो भारत ट्रेन में सफर का इंतजार और बढ़ा, क्या है वजह, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली के न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद तक नमो भारत ट्रेन में सफर का इंतजार और बढ़ा, क्या है वजह

नमो भारत ट्रेन इस समय साहिबाबाद से मेरठ दक्षिण तक 42 किलोमीटर खंड में चल रही है। न्यू अशोक नगर तक नमो भारत ट्रेन चलने के बाद इस खंड की लंबाई 54 किलोमीटर हो जाएगी।

Sun, 29 Dec 2024 06:14 AMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, गाजियाबाद। हिन्दुस्तान
share
दिल्ली के न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद तक नमो भारत ट्रेन में सफर का इंतजार और बढ़ा, क्या है वजह

गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक नमो भारत ट्रेन से सफर करने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। रविवार को इस खंड का उद्घाटन होना था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के कारण राष्ट्रीय और राजकीय शोक घोषित होने से टल गया है।

नमो भारत ट्रेन इस समय साहिबाबाद से मेरठ दक्षिण तक चल रही है। ट्रेन को अब साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक चलाया जाना है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने इसके उद्घाटन की तैयारी पूरी कर ली है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसके उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही थी।

गाजियाबाद के जिलाधिकारी इंद्रविक्रम सिंह ने प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रद्द किए जाने की पुष्टि की है। अब इस खंड का उद्घाटन कब होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, जनवरी माह में किसी भी दिन इस खंड का उद्घाटन किया जा सकता है। इसे लेकर पहले ही सभी प्रकार की तैयारी की जा चुकी है। सुरक्षा एजेंसियों ने रूट के निरीक्षण के साथ वीवीआईपी मूवमेंट रिहर्सल भी कर लिया है। साथ ही प्रधानमंत्री के रूट वाले 8 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर रोक भी लगा दी गई थी। एक दिन पहले मेरठ की मंडलायुक्त ने भी निरीक्षण किया था।

नमो भारत ट्रेन के न्यू अशोक नगर तक चलने से गाजियाबाद के लोगों को राहत मिलेगी। नोएडा आने-जाने वाले यात्री सबसे ज्यादा लाभ उठा सकेंगे। नमो भारत ट्रेन से सीधे न्यू अशोकनगर स्टेशन पहुंच सकेंगे। यहां मेट्रो से कनेक्टिविटी है। स्टेशन बदलकर मेट्रो से नोएडा पहुंच सकेंगे। इस तरह यात्रियों का समय बचेगा।

54 किलोमीटर तक चलेगी

नमो भारत ट्रेन वर्तमान में साहिबाबाद से मेरठ दक्षिण के बीच 42 किलोमीटर के खंड पर चल रही है। अब साहिबाबाद से आनंद विहार और न्यू अशोक नगर स्टेशन तक ट्रेन चलेगी। इन दोनों स्टेशनों के खुलने पर आरआरटीएस के परिचालित खंड की लंबाई 54 किलोमीटर हो जाएगी।

मेरठ साउथ से आनंद विहार आना आसान होगा

नमो भारत जल्द दिल्ली की सीमा में पहुंचने वाली है। एनसीआरटीसी का दावा है कि अब मेरठ साउथ (परतापुर) स्टेशन से लोग आनंद विहार आसानी से पहुंच सकेंगे। तीन चरण का काम पूरा होने के बाद इस पर नमो भारत का संचालन शुरू हो चुका है। चौथे चरण में साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक ट्रेन दौड़ेगी।

50 लाख से अधिक यात्री सफर कर चुके

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर 50 लाख से अधिक यात्री नमो भारत ट्रेनों में अब तक सफर कर चुके हैं। यह ट्रेन साहिबाबाद से मेरठ दक्षिण के बीच चल रही है। न्यू अशोक नगर से मेरठ तक ट्रेन चलाने के बाद यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।