namo bharat train gurugram greater noida 61 km route houses shops religious places will be demolished नमो भारत ट्रेन रूट पर गुरुग्राम टू ग्रेटर नोएडा तक बाधा बन रहे मकान-दुकानें टूटेंगे, 286 परिवार होंगे प्रभावित, Ncr Hindi News - Hindustan
More

नमो भारत ट्रेन रूट पर गुरुग्राम टू ग्रेटर नोएडा तक बाधा बन रहे मकान-दुकानें टूटेंगे, 286 परिवार होंगे प्रभावित

Namo Bharat Train :  नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित रूट में 286 मकान-दुकान आड़े आ रहे हैं। इसके अलावा 13 धर्मशाला और धार्मिक स्थल भी बाधा बन रहे हैं। इन्हें जल्द तोड़ने की तैयारी है।

Mon, 15 Dec 2025 05:38 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
नमो भारत ट्रेन रूट पर गुरुग्राम टू ग्रेटर नोएडा तक बाधा बन रहे मकान-दुकानें टूटेंगे, 286 परिवार होंगे प्रभावित

नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित रूट में 286 मकान-दुकान आड़े आ रहे हैं। इसके अलावा 13 धर्मशाला और धार्मिक स्थल भी बाधा बन रहे हैं। इन्हें जल्द तोड़ने की तैयारी है।

यह खुलासा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की सर्वे रिपोर्ट में हुआ है। यह रिपोर्ट एनसीआरटीसी ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार से साझा की है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम में इफ्को चौक पर 16 दुकान नमो भारत ट्रेन के निर्माण के बीच में आ रही हैं। फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी के पास 183 मकान, दुकान और धार्मिक स्थल बीच में आ रहे हैं।

पियाली चौक पर जाट धर्मशाला के अलावा दो धार्मिक स्थल, तिकोना पार्क के समीप एक धार्मिक स्थल, शहीद चौक के पास बाबा डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति, फरीदाबाद में एनआईटी स्टेशन के पास एक धार्मिक स्थल, राम नगर कॉलोनी में 24 मकान, दुकान, बाटा चौक के पास दो धार्मिक स्थल, सेक्टर-12-15 की मुख्य सड़क पर एक गोदाम, कैनाल के समीप एक शराब का ठेका, विपुल प्लाजा के पास नर्सरी, सेक्टर-89 में 8 मकान, एक धार्मिक स्थल अड़चन बने हैं।

एनसीआरटीसी ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने के लिए नमो भारत चलाने की योजना के तहत 15745 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार करके प्रदेश सरकार को भेजी है। करीब 61.5 किमी लंबाई के इस रूट के तहत गुरुग्राम में इफ्को चौक, सेक्टर-54, फरीदाबाद में बाटा चौक, सेक्टर-85-86 स्टेशन, नोएडा में सेक्टर-142-168 स्टेशन, ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर स्टेशन बनाने की योजना है।

इस तरह निर्धारित है रूट

इफ्को चौक से नमो भारत ट्रेन शुरू होगी, जो मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, डॉ. बीआर आंबेडकर मार्ग, ब्रिगेडियर ओसमान चौक से अरावली पर्वत शृंखला से होते हुए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर गांव ग्वाल पहाड़ी के समीप पहुंच जाएगी। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर फरीदाबाद स्थित हनुमान मंदिर, बड़खल एंक्लेव, शहीद भगत सिंह मार्ग होते हुए बाटा चौक पर जाएगी। बाटा चौक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और आगरा कैनाल से होते हुए सेक्टर-85-86 चौक (अमोलिक चौक) पर पहुंचेगी। इसके बाद अमृता अस्पताल के पास से होते हुए जाएगी।

286 परिवार प्रभावित होंगे

रिपोर्ट के मुताबिक, नमो भारत ट्रेन का सामाजिक आर्थिक अध्ययन के दौरान पाया है कि इस रुकावट को दूर करने के लिए 286 परिवार प्रभावित होंगे। सर्वेक्षण के मुताबिक इनमें मौजूदा समय में 1255 लोग रह रहे हैं। इनमें 54 प्रतिशत पुरुष हैं, जबकि 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। इनमें 80 प्रतिशत हिन्दू परिवार शामिल हैं।

सर्वेक्षण में यह सामने आया

सर्वेक्षण के मुताबिक प्रभावित परिवारों में से 47 प्रतिशत परिवारों की पारिवारिक मासिक आय 10 से 20 हजार रुपये है। 39 प्रतिशत परिवारों की मासिक आय 10 हजार से कम है। 15 प्रतिशत परिवारों की आमदनी 20 हजार से अधिक है। तीन परिवारों का संचालन महिलाएं कर रही हैं।

रूट की जानकारी दी

रिपोर्ट के मुताबिक मई, जून और सितंबर माह में प्रभावित परिवारों से नमो भारत ट्रेन के रूट में विचार-विमर्श किया गया। 406 लोगों ने इसमें अपने विचार रखे। उन्हें जमीन अधिग्रहण, विस्थापित करने के बारे में बताया। इफ्को चौक पर 19 लोगों ने इस विचार विमर्श में हिस्सा लिया।

प्रवक्ता, एनसीआरटीसी, ''नमो भारत के गुरुग्राम से ग्रेनो रूट की तैयार डीपीआर पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार से विचार-विमर्श चल रहा है। इसके लिए सुझाव मांगे गए हैं। भूमि का अधिग्रहण इन दोनों राज्यों की भूमि अधिग्रहण नीति के मुताबिक किया जाएगा।''

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।