Mother Died When Son Showing Gun To Her in delhi दिल्ली में मां को देसी कट्टा दिखा रहा था बेटा, चेहरे पर जा लगी गोली, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में मां को देसी कट्टा दिखा रहा था बेटा, चेहरे पर जा लगी गोली

दिल्ली के जंगपुरा के पंत नगर स्थित वाल्मीकि मंदिर झुग्गी बस्ती में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में 37 साल की महिला की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक महिला का बेटा उसे अवैध देसी कट्टा दिखा रहा था, इसी दौरान गलती से चली गोली महिला के चेहरे पर लग गई।

Tue, 10 Feb 2026 10:14 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
दिल्ली में मां को देसी कट्टा दिखा रहा था बेटा, चेहरे पर जा लगी गोली

दिल्ली के जंगपुरा के पंत नगर स्थित वाल्मीकि मंदिर झुग्गी बस्ती में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में 37 साल की महिला की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक महिला का बेटा उसे अवैध देसी कट्टा दिखा रहा था, इसी दौरान गलती से चली गोली महिला के चेहरे पर लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई। हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर मृतका के 18 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतका 37 वर्षीय सुमति अपने परिवार के साथ पंत नगर, जंगपुरा की रहने वाली थीं। उसके परिवार में पति छोटू, जो दिहाड़ी पर माली का काम करते हैं, और तीन बच्चे हैं, जिनमें 11 साल की एक बेटी भी शामिल है। सुमति आसपास के घरों में घरेलू सहायिका का काम करती थीं।

पुलिय उपायुक्त ने बताया कि सोमवार रात 10:39 बजे लाजपत नगर थाना में पीसीआर कॉल मिली कि मूलचंद अस्पताल में एक महिला को गोली लगने के बाद मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मृतका सुमति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25, 27 व 54 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हत्या और आर्म्स एक्ट की धारा में केस दर्ज कर मृतका के 18 वर्षीय बेटे तरुण को गिरफ्तार कर लिया है।

मां को हथियार दिखा रहा था बेटा

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में तरुण ने बताया कि उसने आश्रम इलाके के एक व्यक्ति से अवैध देशी कट्टा खरीदा था। वह घर पर अपनी मां को हथियार दिखा रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे सुमति के चेहरे पर जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

नाले से बरामद हुआ कट्टा

घटना के बाद आरोपी घबरा गया और हथियार पास के एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर कट्टा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है, जिसने आरोपी को अवैध हथियार बेचा था।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।