दिल्ली में भाजपा विधायक के भतीजे से 10 लाख की लूट, पुलिस बोली- युवक 50 लाख सट्टा में हारा था
इंदिरापुरम क्षेत्र में दिल्ली के विधायक के भतीजे को होटल में बंधक बनाकर मारपीट करने, पिस्टल के बल पर 10 लाख रुपये ट्रांसफर करवाने और कार, मोबाइल, पर्स, अंगूठी लूटने का मामला सामने आया है।

इंदिरापुरम क्षेत्र में दिल्ली के विधायक के भतीजे को होटल में बंधक बनाकर मारपीट करने, पिस्टल के बल पर 10 लाख रुपये ट्रांसफर करवाने और कार, मोबाइल, पर्स, अंगूठी लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। 16 जनवरी को रात की घटना में पीड़ित की मां ने अब सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।
पुलिस बनकर फोन करके बुलाया
कविनगर में रहने वाले कारोबारी राजीव गोयल के भाई अनिल गोयल दिल्ली कृष्णा नगर से भाजपा के विधायक हैं। राजीव की पत्नी अनीता गोयल ने बताया कि बेटा मृदु गोयल पिता के कारोबार में हाथ बंटाता है। आरोप है कि 16 जनवरी की रात आठ बजे बेटे को अनजान नंबर से फोन किया गया। कॉलर ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए साइबर क्राइम के केस में बातचीत के लिए मृदु को इंदिरापुरम थाने के बाहर बुलाया।
होटल में मारपीट और 10 लाख की लूट
वह पहुंचा तो यहां कुछ लोग मिले, जो उसे वसुंधरा सेक्टर-15 के एक होटल में ले गए। उसे बंधक बनाकर मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई। पिस्टल के बल पर मोबाइल से 10 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। साथ ही बेटे से उसकी कार, मोबाइल, पर्स और अंगूठी लूटने के बाद छोड़ दिया।
पुलिस बोली- युवक 50 लाख रुपये सट्टा में हारा था…
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील का कहना है कि तहरीर के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित युवक होटल के कसीनो में जाता था, जहां वह लगभग 50 लाख रुपये हार गया था। बकाया पैसों को लेकर विवाद हुआ। कार और मोबाइल उसी होटल में मौजूद हैं। होटल में रजिस्टर्ड कसीनो चलता है। मामले की जांच जारी है, तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केस दर्ज करने में पुलिस ने दिखाई लापरवाही
आरोप है कि मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने आनाकानी की। इसके बाद वह विधायक अनिल गोयल के पास पहुंचीं। उनके फोन करने पर 18 जनवरी को इंदिरापुरम थाने में मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन पुलिस ने हल्की धाराएं ही लगाईं। अनीता ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजने के साथ ही बुधवार को वीडियो डालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से गुहार लगाई है।
जान से मारने की मिल रहीं धमकियां
वीडियो में उनका आरोप है कि वह थाने के चक्कर काटती रहीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें कोई भी फुटेज नहीं दिखाई। आरोप है कि उनके बेटे को मारने की भी धमकी दे रहे हैं। इसमें पूरा इंदिरापुरम थाना लिप्त है। कृपया मेरे बच्चे की जान बचाइए।




साइन इन