Meet Ironman Delhi cop Nidhin Valsan, who led Turkman Gate demolition कैंसर को हराया, दुनिया की सबसे कठिन प्रतियोगिता जीती...; 'आयरनमैन' IPS निधिन वलसन की कहानी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

कैंसर को हराया, दुनिया की सबसे कठिन प्रतियोगिता जीती...; 'आयरनमैन' IPS निधिन वलसन की कहानी

दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत तुर्कमान गेट के आसपास अवैध निर्माण हटाने के लिए चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व खुद डीसीपी निधिन वलसन ने किया। 

Thu, 8 Jan 2026 04:14 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
कैंसर को हराया, दुनिया की सबसे कठिन प्रतियोगिता जीती...; 'आयरनमैन' IPS निधिन वलसन की कहानी

दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद केंद्रीय जिला के DCP निधिन वलसन अचानक सुर्खियों में आ गए हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत तुर्कमान गेट के आसपास अवैध निर्माण हटाने के लिए चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व खुद डीसीपी निधिन वलसन ने किया।

ड्रग नेटवर्क अवैध जमीन कब्जों पर सख्त एक्शन

इस पूरे घटनाक्रम के बीच डीसीपी निधिन वलसन की पर्सनल और प्रोफेशनल जर्नी भी चर्चा में आ गई है। केरल के कन्नूर जिले के रहने वाले निधिन वलसन 2012 बैच के AGMUT कैडर के IPS अधिकारी हैं। उन्होंने दिल्ली के अलावा गोवा और लक्षद्वीप में भी अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। नॉर्थ गोवा में पुलिस अधीक्षक के तौर पर रहते हुए उन्होंने ड्रग नेटवर्क और अवैध भूमि कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पहचान बनाई थी।

कैंसर जैसी घातक बीमारी को दी मात

निधिन वलसन सिर्फ अपनी कर्तव्यों के लिए ही नहीं, बल्कि असाधारण जिजीविषा के लिए भी जाने जाते हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2021 में उन्हें स्टेज-4 नॉन-हॉजकिन्स लिंफोमा नामक गंभीर कैंसर होने का पता चला था। लंबे इलाज और कठिन दौर के बाद उन्होंने इस बीमारी को मात दी। इस अनुभव को उन्होंने अपनी आत्मकथा ‘कैंसरमैन टू आयरनमैन: अ पुलिस ऑफिसर’स जर्नी ऑफ अरेस्टिंग इलनेस’ में शब्दों में पिरोया।

दुनिया की सबसे कठिन प्रतियोगिता पास की

बीमारी से उबरने के बाद वलसन ने दुनिया की सबसे कठिन मानी जाने वाली आयरनमैन ट्रायथलॉन प्रतियोगिता भी पूरी की, जिसमें 3.8 किलोमीटर की तैराकी, 180 किलोमीटर की साइक्लिंग और 42.2 किलोमीटर की मैराथन शामिल होती है। उनकी यह उपलब्धि मानसिक मजबूती और संकल्प की मिसाल मानी जाती है।

अतिक्रमण हटाने के दौरान पत्थरबाजी और झड़प

अब आपको बताते हैं कि आखिर तुर्कमान गेट पर क्या हुआ था। दरअसल नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और एक मस्जिद के पास बने एक बैंक्वेट हॉल और एक डिस्पेंसरी समेत कई संरचनाओं को गिराने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जो बाद में उग्र हो गया। आरोप है कि भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।