MCD halts recognition of private schools in Delhi, citing this reason दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों को मान्यता देने पर दिल्ली नगर निगम ने लगाई रोक, बताई यह वजह, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों को मान्यता देने पर दिल्ली नगर निगम ने लगाई रोक, बताई यह वजह

आदेश में कहा गया है कि, 'बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए, जब तक रिपोर्ट जमा नहीं हो जाती, तब तक मान्यता रोक दी जाए।' शिक्षा निदेशक को भी जांच में मदद के लिए सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

Thu, 11 Dec 2025 07:59 PMSourabh Jain पीटीआई, नई दिल्ली
share
दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों को मान्यता देने पर दिल्ली नगर निगम ने लगाई रोक, बताई यह वजह

दिल्ली नगर निगम (MCD) ने निजी स्कूल खोलने के इच्छुक लोगों को बड़ा झटका देते हुए प्राइवेट स्कूलों की मान्यता प्रक्रिया रोक दी है, इसके साथ ही MCD ने उन संस्थानों में भी तुरंत जांच करने के आदेश दिए हैं, जिन्हें हाल ही में मान्यता दी गई थी। इस दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इन संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी नियमों का पालन किया गया है या नहीं। MCD ने यह कदम गोवा के एक नाइटक्लब में भीषण आग लगने की घटना के कुछ दिनों बाद उठाया है। इस घटना में 25 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद पूरे देश में असुरक्षित इमारतों की फिर से जांच शुरू हो गई है।

दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर राजा इकबाल सिंह ने इस बारे में एक पत्र जारी करते हुए जानकारी दी। जिसमें उन्होंने कहा कि निगम को शिक्षा समिति के चेयरमैन योगेश वर्मा से एक संदेश मिला है, जिसमें शिक्षा विभाग द्वारा मान्यता देने के तरीके पर गंभीर चिंता जताई गई है। इसके अलावा कई पार्षदों ने भी स्कूल की इमारतों की संरचनात्मक मजबूती और छोटे बच्चों को होने वाले खतरों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं।

मेयर ने आगे लिखा, 'इन चिंताओं को ध्यान में रखते हुए, अतिरिक्त कमिश्नर ने योगेश वर्मा को पार्षदों की एक समिति बनाने का निर्देश दिया है ताकि विभाग से हाल ही में मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों का वास्तविक निरीक्षण किया जा सके।' इस दौरान इस पैनल को आग सुरक्षा नियमों की जांच करने और एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया है।

आदेश में कहा गया है, 'बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए, जब तक रिपोर्ट जमा नहीं हो जाती, तब तक मान्यता रोक दी जाए।' शिक्षा निदेशक को भी जांच में मदद के लिए सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।