Major Accident in Faridabad, Several Workers Trapped After Crane Collapses During Flyover Construction फरीदाबाद में तेज अंधड़ से पलटी क्रेन, 3 मजदूरों की मौत; जेवर फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर हुआ हादसा, Ncr Hindi News - Hindustan
More

फरीदाबाद में तेज अंधड़ से पलटी क्रेन, 3 मजदूरों की मौत; जेवर फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर हुआ हादसा

फरीदाबाद में जेवर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान भारी क्रेन पलट गई, जिसकी चपेट में आकर चार मजदूर दब गए, जिनमें से एक को बचा लिया गया, जबकि तीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त साइट पर 6 से 7 मजदूरों के काम करने की सूचना मिली है।

Thu, 4 June 2026 10:48 PMSourabh Jain वार्ता, फरीदाबाद, हरियाणा
share
फरीदाबाद में तेज अंधड़ से पलटी क्रेन, 3 मजदूरों की मौत; जेवर फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर हुआ हादसा

हरियाणा में फरीदाबाद के पन्हेरा खुर्द क्षेत्र में गुरुवार को जेवर एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां शहर को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने वाले निर्माणाधीन ग्रीन हाईवे पर फ्लाईओवर निर्माण का काम चल रहा है, इसी दौरान तेज अंधड़ के आने से एक क्रेन मजदूरों के कंटेनर पर पलट गई, जिससे उसके अंदर मौजूद कई मजदूर दब गए। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर को घायल अवस्था में बचा लिया। पुलिस अधिकारी ने अन्य मजदूरों को निकालने के लिए देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहने की बात कही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेन फ्लाईओवर निर्माण के लिए गार्डर उठाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण उसका संतुलित बिगड़ गया और वह मजदूरों के रहने के लिए रखे गए कंटेनर पर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में चार मजदूरों के कंटेनर में दबे होने की खबर आई थी, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है। पुलिस ने अभी और भी लोगों के दबे होने की आशंका से इनकार नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल राहत व बचाव कार्य जारी है, इसके पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कैसे हुआ हादसा?

हादसे की जानकारी देते हुए बल्लभगढ़, फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (DCP) प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि, 'दोपहर करीब 3 बजे यह हादसा हुआ था। मौसम खराब होने की वजह से कंटेनर पर लगी क्रेन अपने खांचे से उतरकर नीचे कंटेनर पर गिर गई थी। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, कंटेनर के अंदर चार लोग मौजूद थे, जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को हमने सुरक्षित बचा लिया है, हालांकि उसे चोटें आई हैं। यहां तैनात SDRF की टीम ने कंटेनर से तीन शव भी बरामद कर लिए हैं। बचाव अभियान अभी भी लगातार जारी है।'

'आंधी की वजह से पलट गई थी क्रेन'

हादसे के दौरान वहीं पर मौजूद रहे संजय कुमार नाम के प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि 'दोपहर ढाई से तीन बजे जोरदार आंधी आई थी, जिसकी वजह से ये क्रेन पलट गई थी। कम से कम 5-6 आदमी इस हादसे की चपेट में आए हैं। क्रेन को काटकर लोगों को बाहर निकालने का काम चल रहा है। यहां जेवर एयरपोर्ट की ओर जाने वाले हाईवे का काम चल रहा है, ये क्रेन उसी को बना रही थी।'

पुलिस और राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचा

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान चलाकर क्रेन के नीचे फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिशें की जा रही हैं और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।

क्षेत्र में हुई बारिश की वजह से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हुई बारिश के कारण जमीन नरम और दलदली हो गई थी, जिससे भारी क्रेन का संतुलन बिगड़ गया। इसी वजह से यह दुर्घटना हो गई। हादसा जेवर एयरपोर्ट से जुड़े निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पर हुआ है। फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घटना में हताहतों की संख्या और नुकसान का सही आंकड़ा बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जेवर फ्लाईओवर निर्माण के दौरान गिरी क्रेन,कई मजदूरों के दबने की आशंका; फरीदाबाद में बड़ा हादसा
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।