Lutyens Delhi five gol chakkar are causing traffic jam delhi traffic police suggested solutions to NDMC लुटियंस दिल्ली को जाम में उलझा रहे 5 गोलचक्कर, ट्रैफिक पुलिस ने NDMC को बताए समाधान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

लुटियंस दिल्ली को जाम में उलझा रहे 5 गोलचक्कर, ट्रैफिक पुलिस ने NDMC को बताए समाधान

लुटियंस दिल्ली इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 39 गोल चक्कर बने हैं। इनमें से पांच गोल चक्कर ऐसे हैं, जहां व्यस्त समय में वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) को इनमें सुधार के लिए पत्र लिखा है।

Mon, 10 Nov 2025 06:03 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, अमित झा
share
लुटियंस दिल्ली को जाम में उलझा रहे 5 गोलचक्कर, ट्रैफिक पुलिस ने NDMC को बताए समाधान

राजधानी दिल्ली के लुटियंस इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 39 गोल चक्कर बने हैं। इनमें से पांच गोल चक्कर ऐसे हैं, जहां व्यस्त समय में वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) को इनमें सुधार के लिए पत्र लिखा है।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा किए गए अध्ययन में पाया गया कि कुछ सड़कों की चौड़ाई बेहद कम है। यहां फुटपाथ एवं सरकारी बंगलों के बीच काफी जगह उपलब्ध है, जिसका इस्तेमाल सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से इन जगहों पर लगने वाले जाम को कम किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने एनडीएमसी को पत्र लिखकर इन पांच प्रमुख गोल चक्करों पर मौजूद समस्या एवं इसके समाधान का सुझाव बताकर कदम उठाने को कहा है।

ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि कर्तव्य पथ के आसपास बड़ी सख्या में बन रहे सरकारी दफ्तरों की वजह से आने वाले दिनों में गाड़ियों का दबाव नई दिल्ली क्षेत्र में और बढ़ेगा। ऐसे में नई दिल्ली क्षेत्र में जाम की समस्या को कम करने के लिए इन पांच गोल चक्करों के आसपास लगने वाले जाम को खत्म करना होगा।

1. तीन मूर्ति चौक : इस चौक पर पांच रास्ते (तीन मूर्ति मार्ग, कुशक रोड, साउथ एवेन्यू रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग और तीन मूर्ति मार्ग) आते हैं। नई दिल्ली में प्रवेश एवं बाहर निकलने के लिए यह महत्वपूर्ण गोल चक्कर है। सेना भवन, रेल भवन, कृषि भवन, कोर्ट, सी-हेक्सागन और एयरपोर्ट जाने के लिए सभी वीवीआईपी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।

सड़क की चौड़ाई बढ़ाएं : तीन मूर्ति मार्ग (कौटिल्य रोड से गोल चक्कर तक) में सड़क के दोनों तरफ दो-दो लेन की जगह है। इसके बाद तीन फीट के फुटपाथ हैं और उसके आगे लगभग 20 फीट की जगह के बाद सरकारी बंगले हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इस सड़क पर दोनों तरफ सड़क की एक-एक लेन बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। इससे 20 फीट की खाली जगह घटकर 10 फीट रहेगी और जाम कम हो जाएगा।

2. जसवंत सिंह गोल चक्कर : इस चौक पर पांच रास्ते (अशोका रोड, मान सिंह रोड, जसवंत सिंह रोड, राजेन्द्र प्रसाद रोड, अशोका रोड) हैं। व्यस्त समय में इस गोल चक्कर पर प्रतिदिन जाम लगता है, क्योंकि इसकी चौड़ाई कम होने के चलते निकलने की जगह बेहद कम है।

घुमाव दस मीटर बढ़ाया जाए : इस गोल चक्कर के सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। अभी गोल चक्कर के साथ घुमाव लगभग 20 मीटर का है। इसे कम से कम 10 मीटर बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए जगह भी उपलब्ध है।

3. क्यू पॉइंटमान सिंह रोड : इस जगह छह सड़कें (शाहजहां रोड, हुमांयू रोड, पृथ्वीराज रोड, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड, मोती लाल नेहरु रोड और मान सिंह रोड) गोल चक्कर की तरफ आती हैं। यहां पर एपीजे अब्दुल कलाम रोड-पृथ्वीराज रोड और मान सिंह रोड-शाहजहां रोड के बीच गोल चक्कर पर बेहद कम जगह है, जिस कारण जाम लगता है।

जगह बढ़ाने का सुझाव : ट्रैफिक पुलिस की तरफ से एनडीएमसी को इस गोल चक्कर पर घुमाव की जगह को बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है।

4. सुनहरी गोल चक्कर : इस गोल चक्कर पर छह सड़कें ( सुनहरी बाग रोड, के.कामराज मार्ग, मोती लाल नेहरू मार्ग, रफी मार्ग, मौलाना आजाद रोड, मोती लाल नेहरु मार्ग) आती हैं। यहां गोल चक्कर पर फुटपाथ के ठीक नहीं होने की वजह से घुमाव की जगह कम है। शास्त्री भवन, उद्योग भवन, निर्माण भवन और केन्द्रीय सचिवालय के चलते यहां वाहनों का दबाव ज्यादा है।

फुटपाथ को ठीक करें : इस गोल चक्कर पर घुमाव की जगह लगभग 58 मीटर है, लेकिन फुटपाथ को ठीक कर इसे बढ़ाने की आवश्यकता है।

5. तुगलक रोड गोल चक्कर : इस गोल चक्कर पर चार रास्ते (तुगलक रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, तुगलक रोड और एपीजे अब्दुल कलाम रोड) हैं। दक्षिण दिल्ली से आने वाले लाखों वाहन प्रतिदिन इसी गोल चक्कर से नई दिल्ली आते हैं। यहां अब्दुल कलाम रोड (भिंडर पॉइंट से गोल चक्कर तक) की चौड़ाई बेहद कम है, जिसके चलते व्यस्त समय में यहां जाम लगता है।

दो बदलाव जरूरी : डॉ एपीजे अब्दुल कलाम रोड की चौड़ाई को बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। इसके साथ ही गोल चक्कर के घुमाव की जगह को भी बढ़ाने की आवश्यकता है। इन दोनों बदलाव से यहां जाम की समस्या खत्म हो सकती है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।