सड़कों पर बिछा दिए गद्दे, बेहोश को लगातार दिया CPR, दिल्ली की होटल में फंसे लोगों की कैसे बची जान
दिल्ली के मालवीय नगर इलाके की होटल में आग लगने से सुबह-सुबह अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान होटल में फंसे लोगों को बचाने के लिए सबसे पहले स्थानीय लोग पहुंचे। ऊपर फंसे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने सड़कों पर गद्दे बिछा दिए, जिसपर कूदकर लोगों ने आग से जान बचाई।

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके की एक होटल में भीषण हादसा सामने आया है। यहां अस्पताल के पास मौजूद होटल में आग लगने से अब तक कुल 21 लोगों की मौत हो गई है। सुबह आग लगने की सूचना मिलने के बाद सबसे पहले स्थानीय लोगो मौके पर पहुंचे और होटल के ऊपरी हिस्से से कूदने का प्रयास कर रहे लोगों को मदद की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने होटल के आसपास ढेर सारे गद्दे बिछा दिए, जिससे ऊपर के लोग आसानी से कूद सकें और उन्हें ज्यादा चोट ना आए।
गद्दे पर कूदने से बची कई लोगों की जान
होटल में आग लगने के बाद धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया। होटल के कमरों में मौजूद लोग पहले बाहर निकलने के लिए नीचे आए, लेकिन मेन गेट बंद होने की वजह से वो फिर से ऊपर चले गए और बाहर कूदने का प्रयास करने लगे। इस दौरान ऊंचाई ज्यादा होने के कारण लोगों में चोट लगने का डर भी बना हुआ था। ऐसे में जब लोग नीचे की तरफ कूदने लगे तो स्थानीय लोगों ने मोटा गद्दा सड़क पर बिछा दिया, जिससे होटल के ऊंचे कमरों से कूदने के बाद लोगों को ज्यादा चोट ना लगे। इस दौरान कई लोगों ने होटल की खिड़कियों से भी कूद कर जान बचाई।
नियमों का उल्लंघन कर चल रही थी होटल
इस हादसे को लेकर नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं। आग लगने के बाद पहुंची फायर विभाग की टीम ने पाया कि बेसमेंट के अंदर भी कमरों में होटल चल रहा था। इस दौरान वहां भी लोग फंसे हुए थे और दरवाजा बंद होने के कारण बेसमेंट में भी लोगों की मौत हो गई।




साइन इन