kumar vishwas home in noida viral on social media कुमार विश्वास के बंगले पर क्यों इतनी चर्चा-बहस, केजरीवाल का भी किया जा रहा है जिक्र, Ncr Hindi News - Hindustan
More

कुमार विश्वास के बंगले पर क्यों इतनी चर्चा-बहस, केजरीवाल का भी किया जा रहा है जिक्र

एक इंटरव्यू में कुमार विश्वास ने अपने घर के भीतर की तस्वीरें दिखाईं तो सोशल मीडिया पर इसकी भव्यता के चर्चे शुरू हो गए। कुछ लोगों ने इसे असली शीशमहल बताया तो कुछ कह रहे हैं कि एक कवि ने अपनी मेहनत से यह सब हासिल किया है।

Wed, 13 May 2026 05:10 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नोएडा
share
कुमार विश्वास के बंगले पर क्यों इतनी चर्चा-बहस, केजरीवाल का भी किया जा रहा है जिक्र

मशहूर कवि-कथावाचक और आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता कुमार विश्वास अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। अपनी कविताओं, चुटीली बातों, प्रेरक कथाओं की वजह से चर्चा में रहने वाले कुमार विश्वास की बात इस समय उनके बंगले को लेकर ज्यादा हो रही है। एक इंटरव्यू में कुमार विश्वास ने अपने घर के भीतर की तस्वीरें दिखाईं तो सोशल मीडिया पर इसकी भव्यता के चर्चे शुरू हो गए। कुछ ने केजरीवाल का जिक्र करके कहना शुरू कर दिया कि दिल्ली के पूर्व सीएम को बदनाम किया गया, जबकि असली 'शीशमहल' तो कुमार विश्वास ने बनवाया है। वहीं, इसके बाद एक दूसरा पक्ष भी सक्रिय हो गया, जिसने कहा कि कुमार विश्वास ने यह निर्माण सरकारी खर्च पर नहीं कराया है, बल्कि अपनी मेहनत की कमाई से अर्जित की है।

कुमार विश्वास ने हाल ही में एक यूट्यूब चैनल को नोएडा स्थित अपने बंगले में इंटरव्यू दिया है। इसमें उनके पांच मंजिला बंगले की सुंदरता और भव्यता को दिखाया गया है। बंगले में जिम, लाइब्रेरी, स्पा, सैलून आदि को देखकर एंकर मजाकिया लहजे में पूछती हैं कि क्या अंदर ही शॉपिंग मॉल भी है? इंटरव्यू के टीजर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बंगले की चर्चा तेज हो गई। कोई इसके आकार की बात करने लगा तो कोई सुंदरता की। किसी को इसमें एक कलाकार की सफलता का गर्व दिखा तो किसी ने इसे शीशमहल कहकर कुछ सवाल उठाए। आइए देखते हैं सोशल मीडिया पर बंगले को लेकर किस-किस तरह की बातें चल रही हैं।

कैसे ‘असली शीशमहल’ बता किया जा रहा वायरल

एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, 'केजरीवाल तो फर्जी बदनाम थे। असल शीशमहल तो कुमार विश्वास ने बनवाया है। घर के अंदर सैलून है, जिम है, थियेटर है, लिफ्ट है। कुमार विश्वास बता रहे है- यह हमारा सैलून है, उधर एक स्टीम रूम है। एंकर पूछ रही कि घर में शॉपिंग मॉल भी है?' वीडियो के साथ इस मैसेज को कई और लोगों ने भी साझा किए हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'मोह माया त्याग सब राम की माया है, मिट्टी में मिल जाना है, कहने वाले कवि एवं कथा वाचक कुमार विश्वास जी की 'साधारण कुटिया।'

दूसरे पक्ष ने क्या कहा

सत्येंद्र तिवारी नाम के एक यूजर ने कुमार विश्वास के बंगले को शीशमहल बताने वाले लोगों को जवाब देते हुए लिखा, 'अगर रात दिन जाग कर आदमी अपनी मेहनत से एक अच्छा घर बना ले, तो लोगो को दिक्कत हो जाती है, डॉक्टर कुमार विश्वास जी ने एक घर क्या बनाया लोगो को पेट दर्द शुरू हो गया। अरे भाई, 'ईर्ष्या तू न गई मेरे मन से' रामधारी सिंह दिनकर जी का निबंध पढ़िए और मेहनत करिए, आपका भी बनेगा।'

पूजा कहती हैं, 'कुमार विश्वास ने जो भी बनाया है वो अपने हुनर से बनाया है। कुमार विश्वास भी कलाकार है- शाहरुख, आमिर, अमिताभ, सचिन या गावस्कर की तरह। एक विधा के चरमोत्कर्ष हैं। ईर्ष्या से बेहतर है प्रेरणा ली जाए। बेईमानी गुंडई से नहीं बल्कि अपने हुनर की कमाई से बिलेनियर।'एक अन्य यूजर ने कहा, 'कहां से आते है ये लोग, क्या कुमार विश्वास किसी संवैधानिक पद पर है , केजरीवाल से किस बेस पर तुलना कर रही हो है?'

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।