I want to ask Kejriwal if he can take bath in Yamuna yogi adityanath in delhi मैंने गंगा में मंत्रियों के साथ डुबकी लगाई, केजरीवाल यमुना में कर सकते हैं क्या: योगी आदित्यनाथ, Ncr Hindi News - Hindustan
More

मैंने गंगा में मंत्रियों के साथ डुबकी लगाई, केजरीवाल यमुना में कर सकते हैं क्या: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली चुनाव में आक्रामक एंट्री मारी है। गुरुवार को किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर जोरदार प्रहार किया।

Thu, 23 Jan 2025 04:42 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
मैंने गंगा में मंत्रियों के साथ डुबकी लगाई, केजरीवाल यमुना में कर सकते हैं क्या: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली चुनाव में आक्रामक एंट्री मारी है। गुरुवार को किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर जोरदार प्रहार किया। योगी ने प्रयागराज में कैबिनेट के साथ गंगा स्नान का जिक्र करते हुए केजरीवाल को चुनौती दी कि वह भी अपने मंत्रियों के साथ यमुना में डुबकी लगाकर दिखाएं।

योगी आदित्यनाथ ने भाषण की शुरुआत महाकुंभ से करते हुए वहां की व्यवस्थाओं का वर्णन किया। साथ ही गंगा में अपने स्नान का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल को यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी। योगी ने कहा, 'नमामि गंगे परियोजना के बाद मां गंगा की अवरिल निर्मल धारा का दर्शन देश और दुनिया कर रहा है। संगम में स्नान कर रहा है। कल आपने देखा होगा उत्तर प्रदेश के 54 मंत्री मेरे साथ प्रयागराज में डुबकी लगाए हैं। पुण्य का भागीदार बने हैं। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के सेवा का अवसर हमें मिला। अगर एक मुख्यमंत्री के रूप में मैं और मेरे मंत्री संगम में स्नान कर सकते हैं तो मैं पूछना चाहता हूं आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से क्या यमुना जी में वह अपने मंत्रियों के साथ स्नान कर सकते हैं। यदि उनमें नैतिक साहस है तो उन्हें जवाब देना चाहिए।'

योगी ने कहा कि यमुना मैया को गंदे नाले में बदलने का अपराध उन्होंने किया है कि नहीं। यदि वह व्यक्ति इस बात का अपराधी है तो मुझे नहीं लगता कि जनता जनार्दन की अदालत में उन्हें कोई माफी दी जानी चाहिए। मथुरा वृंदावन में यमुना गंदे नाले में बनकर जाती है। जब भी नमामि गंगे परियोजना के तहत मां यमुना की स्वच्छता की बात आई तो अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी ने कभी सहयोग नहीं किया। ये कोई विकास का काम नहीं करना चाहते।

यूपी के मुख्यमंत्री ने दिल्ली की सड़कों, गंदगी, सीवर और पानी की समस्याओं का जिक्र करते हुए भी आम आदमी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली और नोएडा, गाजियाबाद की सड़कों में जमीन आसमान का फर्क है। उन्होंने कहा कि यूपी के मुकाबले दिल्ली में बिजली तीन गुना अधिक मंहगी है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे बिजली भी एनडीएमसी क्षेत्र में ही मिलती है जो केंद्र सरकार के अधीन है। उन्होंने ओखला औद्योगिक क्षेत्र और नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र की भी तुलना की।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।