Husband kills wife with hammer blow in Delhi, a tragic end to a betrayal दिल्ली में पति ने हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर ली पत्नी की जान; वैलेंटाइन डे पर हुई थी शादी, चार महीने में हुआ दर्दनाक अंत, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में पति ने हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर ली पत्नी की जान; वैलेंटाइन डे पर हुई थी शादी, चार महीने में हुआ दर्दनाक अंत

वारदात के बाद क्राइम व FSL की टीमों को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। टीमों ने मौके से फॉरेंसिक सुबूत जुटाए हैं। इस वारदात को लेकर सीलमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और स्थानीय एसडीएम की निगरानी में मामले की जांच की जा रही है

Thu, 11 June 2026 08:47 PMSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, रजनीश पांडे, नई दिल्ली
share
दिल्ली में पति ने हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर ली पत्नी की जान; वैलेंटाइन डे पर हुई थी शादी, चार महीने में हुआ दर्दनाक अंत

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर के गौतमपुरी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी की सिर पर ताबड़तोड़ हथौड़ा मारकर कर बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका की पहचान 35 वर्षीय राजदा के रूप में की है। वारदात के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय दाउद ईशाक खान के रूप में हुई है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक छोटा हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने महिला को धोखा देकर दूसरी शादी की थी, इसी वजह से दोनों के बीच विवाद हो रहे थे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजदा की शादी इसी साल 14 फरवरी यानि वैलेंटाइन डे पर गौतमपुरी निवासी दाऊद से हुई थी, जो पेशे से ऑटो चालक है। राजदा के माता पिता का देहांत हो चुका है और उसका मायका भी सीलमपुर इलाके में है। राजदा की शादी उसके जीजा रिजवान ने करवाई थी। शादी के समय दाऊद ने यह बात छिपाई थी कि वह पहले से शादीशुदा है। करीब एक सप्ताह पहले दाऊद अचानक अपनी पहली पत्नी से हुए चार बड़े बच्चों को घर ले आया। इनमें दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं और सबसे बड़ा बेटा 18 वर्ष का है।

आरोपी ने धोखे से की थी दूसरी शादी, पहली शादी से चार बच्चे

जब राजदा को पता चला कि दाऊद की पहली पत्नी गोवा की तरफ रहती है और उसने धोखे से दूसरी शादी की है तो घर में कलह शुरू हो गई। इस बीच जब रिजवान और अन्य रिश्तेदारों ने उससे बात करने की कोशिश की तो आरोपी ने बताया कि पहली पत्नी से उसकी बन नहीं रही थी, इसलिए उसने दूसरी शादी कर ली थी। तब राजदा और उसके मायके वालों ने इस धोखे का काफी विरोध किया था। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर तब से घर में हर रोज झगड़ा हो रहा था।

​साजिश के तहत दिया बच्चों को भेज दिया था दादी घर

​आरोप है कि दाऊद ने बेहद सोची-समझी साजिश के तहत इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बुधवार शाम को ही दाऊद ने अपने चारों बच्चों को पास में ही रहने वाली उनकी दादी के घर भेज दिया था। इसके बाद गुरुवार तड़के, दोनों के बीच फिर से बहस हुई। गुस्साए दाऊद ने घर में रखे हथौड़े से राजदा के सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। इसके बाद आरोपी की बहन ने मृतका के जीजा रिजवान को फोन पर हत्या की जानकारी दी। जब मायके वाले मौके पर पहुंचे, तो राजदा खून से लथपथ हालत में फर्श पर मृत पड़ी हुई थी।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने दबोचा

जब इस वारदात की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। क्राइम व एफएसएल की टीमों को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। टीमों ने मौके से फॉरेंसिक सुबूत जुटाए हैं। इस वारदात को लेकर सीलमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्थानीय एसडीएम की निगरानी में मामले की जांच की जा रही है

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।