husband hide baldness with wig to for marriage wife reached police station FIR filed against 5 people विग से गंजापन छुपाकर की थी शादी, पोल खुलने पर थाने पहुंच गई पत्नी; फिर हुआ ऐसा, Ncr Hindi News - Hindustan
More

विग से गंजापन छुपाकर की थी शादी, पोल खुलने पर थाने पहुंच गई पत्नी; फिर हुआ ऐसा

ग्रेटर नोएडा की महिला ने अपने पति पर गंजापन छिपाकर शादी करने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। पत्नी का आरोप है कि शादी से पहले कई अहम बातों को उनसे छिपाया गया। महिला के अनुसार, उसके पति पूरी तरह गंजे हैं और नकली ‘हेयर पैच’ का इस्तेमाल करते हैं।

Tue, 6 Jan 2026 09:06 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share
विग से गंजापन छुपाकर की थी शादी, पोल खुलने पर थाने पहुंच गई पत्नी; फिर हुआ ऐसा

अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म बाला आपको याद होगी। फिल्म में अभिनेता विग लगाकर अपना गंजापन छिपाता है और अभिनेत्री यामी गौतम से शादी कर लेता है। गंजेपन का पता चलते ही यामी शादी तोड़ लेती है। इसी तरह ग्रेटर नोएडा की महिला ने अपने पति पर गंजापन छिपाकर शादी करने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है।

बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित गौर सिटी सोसाइटी में रहने वाली पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी दिल्ली के राणा प्रताप बाग निवासी संयम जैन के साथ 16 जनवरी 2024 को हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले कई अहम बातों को उनसे छिपाया गया। महिला के अनुसार, उसके पति पूरी तरह गंजे हैं और नकली ‘हेयर पैच’ का इस्तेमाल करते हैं। विवाह के समय बताया गया था कि उनके घने बाल हैं। उसने पति की शैक्षिक योग्यता और आय के बारे में भी जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तौलिया इस्तेमाल करने पर हुआ था झगड़ा, गर्लफ्रेंड ने कोरियाई प्रेमी के घोंपा चाकू

गंजेपन की पोल खुलने के बाद होने लगा विवाद

पीड़िता का आरोप है कि गंजेपन की पोल खुलने के बाद आए दिन उनमें विवाद होने लगा। पति ने उस पर दबाव बनाने के लिए मोबाइल फोन से कई निजी फोटो निकाल लिए। इन फोटो को वायरल करने की धमकी देकर जबरन रुपये वसूलता रहा। विरोध करने पर मारपीट कर प्रताड़ित करता है। इसमें सास-ससुर समेत अन्य लोग भी सहयोग करते हैं। कुछ दिन पहले आरोपियों ने 15 लाख रुपये के गहने छीनकर पीटा और घर से निकाल दिया।

पति समेत पांच लोगों पर प्रताड़ना का मामला दर्ज

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला का आरोप है कि 10 जनवरी 2025 को वह पति के साथ 8 दिन के टूर पर थाईलैंड गई थी। महिला ने विदेश यात्रा के दौरान पति द्वारा मारपीट किए जाने और थाईलैंड से भारत लौटते समय गांजा लाने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है मामले की जांच की जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. एपी सिंह, मनोविज्ञानी जीबीयू, ''शादी का रिश्ता पारिवारिक स्थिति, शारीरिक सुंदरता, वैचारिक सामंजस्य और भावनात्मक लगाव पर टिका होता है। विवाह के बाद दंपती में से कोई एक इन मानदंडों को छिपाता है तो इसकी जानकारी मिलने पर पार्टनर को मनोवैज्ञानिक आघात पहुंचता है। हालांकि, समय के साथ शारीरिक सुंदरता फीकी पड़ने लगती है, लेकिन शुरुआती दौर में झूठ से रिश्ते में दरार आती है। सिर्फ गंजापन के कारण ऐसा हुआ है, यह जरूरी नहीं। दूसरे कारण भी हो सकते हैं।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आपसी सहमति से तलाक लेने वालों को बहुत बड़ी राहत, दिल्ली HC ने सुनाया अहम फैसला
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।