hsvp demolition drive gurugram congress leader rajesh yadav sector 68 road construction गुरुग्राम में भारी विरोध के बीच कांग्रेस नेता के घर चला बुलडोजर, 100 कमरे किए गए ध्वस्त, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में भारी विरोध के बीच कांग्रेस नेता के घर चला बुलडोजर, 100 कमरे किए गए ध्वस्त

गुरुग्राम में मुख्य सड़क के निर्माण में बाधा बन रहे कांग्रेस नेता राजेश यादव और ग्रामीणों के करीब 100 कमरों को एचएसवीपी ने ढहा दिया। विरोध करने पर कांग्रेस नेता को हिरासत में लिया गया, जबकि अधिकारियों ने इसे कानूनी कार्रवाई बताया है।

Thu, 15 Jan 2026 08:57 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम में भारी विरोध के बीच कांग्रेस नेता के घर चला बुलडोजर, 100 कमरे किए गए ध्वस्त

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने भारी विरोध के बीच बुधवार को कांग्रेस नेता राजेश यादव और करीब 10 ग्रामीणों के मकानों पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान करीब 100 कमरों को तोड़ा गया। विरोध कर रहे कांग्रेसी नेता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी

सुबह 10 बजे एचएसवीपी के एसडीओ ज्ञानचंद सैनी के नेतृत्व में तोड़फोड़ दस्ता सेक्टर-68 और सेक्टर-69 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क पर भारी पुलिस बल के साथ सेक्टर-68 स्थित परीना मिकासा सोसाइटी के समीप बुलडोजर लेकर पहुंच गया। मुख्य सड़क के निर्माण के बीच में कांग्रेसी नेता राजेश यादव के अलावा 10 ग्रामीणों के मकान आ रहे हैं।

'पहले नोटिस नहीं दिया गया'

राजेश यादव ने एचएसवीपी के अधिकारियों को बताया कि मकानों को तोड़ने से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। 30 साल पहले से यह मकान बना हुआ है। जमीन का अधिग्रहण एचएसवीपी ने किया है तो पहले उन्हें विस्थापित किया जाए। जमीन और निर्माण की एवज में मुआवजा दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस जमीन का मामला अदालत में विचाराधीन है। आग्रह के बावजूद जब तोड़फोड़ दस्ते ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की तो कांग्रेसी नेता राजेश यादव और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। कांग्रेसी नेता और कुछ ग्रामीण बुलडोजर के सामने खड़े हो गए।

हिरासत में लिया

एचएसवीपी अधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस ने कांग्रेसी नेता को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस बल का प्रयोग किया गया। इसके बाद एचएसवीपी ने शाम तक तोड़फोड़ की।

एचएसवीपी के एसडीओ सर्वे ज्ञानचंद सैनी ने बताया कि इस जमीन का अधिग्रहण मुख्य सड़क के निर्माण के लिए किया है। इसकी एवज में अवॉर्ड सुना दिया है। कांग्रेस नेता और ग्रामीणों को इसकी जानकारी है। वह मुआवजा राशि को कभी भी भूमि अधिग्रहण अधिकारी कार्यालय में जाकर ले सकते हैं।

गत वर्ष अवैध तरीके से बने शोरूम को गिराया था

पिछले साल अक्तूबर में कांग्रेसी नेता राजेश यादव के फर्नीचर शोरूम पर बुलडोजर चलाया गया था। आरोप लगाया था कि यह शोरूम अवैध रूप से बनाया गया है। इसके निर्माण को लेकर नक्शा पास नहीं करवाया है। इस दौरान कांग्रेसी नेता और डीटीपी आरएस बाठ के बीच जमकर बहस हुई थी। कांग्रेसी नेता ने कहा था कि उसके खिलाफ यह कार्रवाई द्वेषपूर्ण भावना से भाजपा के एक मंत्री की तरफ से करवाई जा रही है।

कांग्रेस नेता राजेश यादव ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार में 30 साल पुराने बने मकान को बिना नोटिस दिए तोड़ा गया है। एचएसवीपी अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया। ये अधिकारी बिल्डरों के इशारे पर काम कर रहे हैं।

एसपीआर पर वाहनों का दबाव कम होगा

यह मुख्य सड़क गुरुग्राम-सोहना हाईवे को जोड़ती है। एचएसवीपी अधिकारियों के मुताबिक इसके बनने के बाद एसपीआर (सदर्न पेरिफेरल रोड) पर वाहनों का दबाव घटेगा। सेक्टर-68, 69 और 70 में रह रहे लोग इस मुख्य सड़क से होकर सोहना हाईवे से जुड़ जाएंगे, जिससे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे आना-जाना आसान हो जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।