Gurugram wedding procession refused to give way they attacked with sticks बारात ने रास्ता नहीं दिया तो कर दिया लाठी डंडों से हमला, गुरुग्राम में बड़ा कांड, Ncr Hindi News - Hindustan
More

बारात ने रास्ता नहीं दिया तो कर दिया लाठी डंडों से हमला, गुरुग्राम में बड़ा कांड

गुरुग्राम के पालम विहार इलाके में शुक्रवार की रात तुरंत रास्ता न देने के मामूली विवाद में कुछ लोगों ने बारात पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस को शिकायत नहीं मिली है।

Sun, 22 Feb 2026 08:21 AMAditi Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
बारात ने रास्ता नहीं दिया तो कर दिया लाठी डंडों से हमला, गुरुग्राम में बड़ा कांड

गुरुग्राम के पालम विहार इलाके में शुक्रवार की रात तुरंत रास्ता न देने के मामूली विवाद में कुछ लोगों ने बारात पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। घटना की शुरुआत शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार मोलाहेड़ा के सरकारी स्कूल के समीप से वाल्मीकि समाज की एक बारात बड़े ही हर्षोल्लास के साथ निकल रही थी। दूल्हा घोड़ी पर सवार था और रिश्तेदार बैंड-बाजे की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे।

इसी बीच एक कार में सवार दो-तीन युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार सवार युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। भीड़ के बीच से अपनी गाड़ी निकालने की कोशिश कर रहे थे। सड़क पर बारातियों की भारी भीड़ होने के कारण कार को रास्ता देने में थोड़ा देरी हुई। बस इतनी सी बात पर कार सवार युवकों का पारा चढ़ गया। उन्होंने अपनी गाड़ी से उतरकर बारातियों के साथ कहासुनी हो गई। जब कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की और सके बाद वह लौट गए।

हमलावरों ने आते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी : बारातियों को लगा कि विवाद खत्म हो गया है और वे अपनी मंजिल यानी सेक्टर-22बी स्थित कम्युनिटी सेंटर पहुंच गए। जैसे ही बारात कम्युनिटी सेंटर के परिसर में दाखिल हुई और रस्में शुरू होने वाली थीं, अचानक 15 से 20 युवक लाठी और डंडों लेकर होकर वहां धमक पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने बिना कुछ पूछे तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने टेंट के खंभों को उखाड़ दिया और वहां मौजूद कुर्सियां तोड़ दी गईं।

पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्म कराई गई

पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर अपनी गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए थे। शादी में बची रस्मों को पुलिस की मौजदूगी में करवाया गया। हैरानी की बात यह है कि शनिवार शाम तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पालम विहार थाना प्रभारी देवेंद्र मान ने बताया कि इस मामले पर जांच चल रही है।

आरोपियों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा

इस हमले की सबसे वीभत्स तस्वीर तब सामने आई जब दबंगों ने महिलाओं पर हमला किया। बारात में शामिल महिलाओं ने जब अपने बच्चों को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी लाठियां भांजी। बताया जा रहा है कि दूल्हे की रिश्तेदार महिला को गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया

दुल्हन के पिता ने रूंधे गले से बताया हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरी बेटी की विदाई ऐसे माहौल में होगी। सूचना मिलते ही पालम विहार थाने की पुलिस और इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घायल दो युवकों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

वधू पक्ष पर बारातियों से मारपीट का आरोप

कासना से गुरुग्राम बारात लेकर पहुंचे लोगों के साथ मामूली विवाद में लड़की पक्ष ने मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने दुल्हन के चढ़ावे के लाखों रुपये के गहने और 50 हजार रुपये छीन लिए।

स्थानीय पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने कासना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया। कासना के रहने वाले चतुर्भुज के बेटे योगेश कुमार की बीते 19 फरवरी को शादी थी। बारात गुरुग्राम के मानेसर स्थित फर्रुखनगर गई थी। शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर बारातियों का लड़की पक्ष से विवाद हो गया। चतुर्भुज का आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने कई बारातियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिसमें कई बाराती घायल हो गए।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।