gurugram police bulldozer action demolished illegal properties linked to 9 criminals गुरुग्राम पुलिस का बुलडोजर ऐक्शन जारी, 9 बदमाशों की प्रॉपर्टी जमींदोज, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम पुलिस का बुलडोजर ऐक्शन जारी, 9 बदमाशों की प्रॉपर्टी जमींदोज

गुरुग्राम पुलिस का अपरोधियों के खिलाफ बुलडोजर ऐक्शन जारी है। गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को एक गैंगस्टर और 8 अन्य अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस ने कहा है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। 

Tue, 23 Dec 2025 11:42 PMKrishna Bihari Singh पीटीआई, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम पुलिस का बुलडोजर ऐक्शन जारी, 9 बदमाशों की प्रॉपर्टी जमींदोज

गुरुग्राम में अपराधियों के हौसलों को पस्त करने के लिए पुलिस का बुलडोजर ऐक्शन जारी है। पुलिस ने इसके लिए बाकायदा अभियान छेड़ दिया है। इस अभियान के तहत गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को भी अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैंगस्टर और 8 अन्य अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद अपराधियों की आर्थिक रीढ़ को तोड़ना है जो अपराध के जरिए काली कमाई कर सरकारी जमीनों पर कब्जा जमाए हुए थे।

पुलिस ने जेल में बंद एक कथित गैंगस्टर रिकी की ओर से सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाई गई 'रिकी की मंडी' को भी जमींदोज कर दिया। 'रिकी की मंडी' में करीब 100 अस्थाई और 10 पक्की दुकानें बनी हुई थीं। आरोपी हर महीने इस मंडी से लाखों की अवैध वसूली करता था। रिकी पर 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि इन अवैध दुकानों को इंस्पेक्टर मंजीत (SHO सेक्टर 37 पुलिस थाना) के नेतृत्व में एन्फोर्समेंट की एक टीम को साथ लेकर लगभग 80 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया।

इसके साथ ही पुलिस ने 12 बिस्वा गांव में भी बड़ी कार्रवाई की जहां अन्य अपराधियों ने मंदिर के पास सरकारी जमीन पर कब्जा कर शराब के अवैध अड्डे बना रखे थे। इन अड्डों पर न केवल शराब बेची जाती थी वरन वहां अपराधियों का जमावड़ा भी रहता था। पुलिस की इस मुहिम ने अपराधियों के बीच खौफ पैदा कर दिया है।

पुलिस ने इस विशेष ऑपरेशन के लिए उन अपराधियों की सूची तैयार की थी, जो लंबे समय से आबकारी अधिनियम के उल्लंघन और अवैध शराब के धंधे में लिप्त थे। पुलिस ने कुल नौ अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की। पुलिस ने कहा है कि अपराध के पैसे से प्रॉपर्टी बनाने वालों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

(हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।