Gurugram Police big action bulldozes gangster occupation on govt land गैंगस्टर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, गुरुग्राम पुलिस ने मुक्त कराई 3 बीघा सरकारी जमीन, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गैंगस्टर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, गुरुग्राम पुलिस ने मुक्त कराई 3 बीघा सरकारी जमीन

गुरुग्राम पुलिस ने अपराध के जरिए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया है।

Thu, 5 Feb 2026 09:56 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
गैंगस्टर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, गुरुग्राम पुलिस ने मुक्त कराई 3 बीघा सरकारी जमीन

गुरुग्राम पुलिस ने अपराध के जरिए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया है। अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी कि सेक्टर-37 के फेज-4 में 'हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन' (HSIIDC) की करीब तीन बीघा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। इस जमीन पर खांडसा गांव के निवासी और कुख्यात अपराधी रिकी ने कथित तौर पर अवैध पार्किंग बना रखी थी, जिसे पुलिस और प्रवर्तन विभाग की संयुक्त टीम ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

31 मुकदमों में नामजद है अपराधी रिकी

पुलिस प्रवक्ता ने बताया, यह कार्रवाई सेक्टर-37 के थाना प्रभारी मंजीत और जिला नगर योजनाकार (DTP) आरएस बाठ के नेतृत्व में बुधवार को की गई। आरोपी रिकी एक आदतन अपराधी है और फिलहाल सेक्टर-50 थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में जेल में बंद है। रिकी के खिलाफ गुरुग्राम में 29 और रेवाड़ी में 2 सहित कुल 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि अपराध की कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

'रिकी की मंडी' पर पहले भी चला था बुलडोजर

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ यह उनकी पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में भी पुलिस ने 'रिकी की मंडी' नाम से मशहूर अवैध कब्जे को जमींदोज किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधियों और अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने साफ संदेश दिया कि जो कोई भी कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।