गुरुग्राम में पत्नी ने शराब पीने को पैसे नहीं दिए, तो बेरोजगार पति ने घोंटा गला
आरोपी ने खुदको बचाने के लिए हत्या को नेचुरल डेथ बताने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वो नाकामयाब रहा। पूछताछ हुई, तो उसने इस घटना को प्राकृतिक मौत बताकर छिपाने की कोशिश की। लेकिन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सारी काली सच्चाई खोलकर रख दी।

गुरुग्राम में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के लिए पैसे न देने पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने खुदको बचाने के लिए हत्या को नेचुरल डेथ बताने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वो नाकामयाब रहा। पूछताछ हुई, तो उसने इस घटना को प्राकृतिक मौत बताकर छिपाने की कोशिश की। लेकिन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सारी काली सच्चाई खोलकर रख दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पति बोला- घर लौटा तो पत्नी को बेहोश पाया
पुलिस के मुताबिक, 2 मई को अस्पताल से सूचना मिली कि सरस्वती एन्क्लेव निवासी 41 वर्षीय ममता देवी को मृत अवस्था में लाया गया है। महिला के पति हरी गोपाल शर्मा ने पुलिस को बताया था कि वह कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था और लौटने पर उसने पत्नी को बेहोश पाया। उसने यह भी दावा किया कि घर से निकलने से पहले पत्नी से उसकी तबीयत के बारे में पूछा था और वह ठीक थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा
शुरुआत में पुलिस ने मामले को सामान्य मौत मानते हुए कार्रवाई शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि 3 मई को आई रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाने (strangulation) से हुई है। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने सेक्टर-10 थाने में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी बोला- पत्नी से शराब के पैसे मांगे, नहीं दिए तो…
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, वह पिछले एक महीने से बेरोजगार था और अक्सर पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगता था। घटना के दिन भी जब ममता देवी ने पैसे देने से इनकार किया, तो गुस्से में आकर उसने उनका गला दबा दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से आगे भी पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




साइन इन