गुरुग्राम में ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति? GDMA तलाश रहा पॉड टैक्सी की संभावनाएं; जल्द शुरू होगा सर्वे
सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन और पॉड टैक्सी डेवलपर 'ग्लाइडवेज' के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक के दौरान, जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि अथॉरिटी गुरुग्राम में आखिरी छोर तक कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए पॉड टैक्सी सिस्टम कितनी सही रहेगी इसका आकलन करेगी।

गुरुग्राम में पॉड टैक्सी चलाने की तैयारी अब और तेज हो गई है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) एक सर्वे करने की तैयारी में है। इस सर्वे के जरिए ट्रैफिक डिटेल और ऐसे इलाकों की पहचान की जाएगी जहां पर पॉड टैक्सी सर्विस को शुरू करना सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित होगा।
सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन और पॉड टैक्सी डेवलपर 'ग्लाइडवेज' के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक के दौरान, जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि अथॉरिटी गुरुग्राम में आखिरी छोर तक कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए पॉड टैक्सी सिस्टम कितनी सही रहेगी इसका आकलन करेगी।
नए और टेक्नोलॉजी पर आधारित ट्रांसपोर्ट विकल्प
आपको बता दें कि यह एक छोटी, बिना ड्राइवर वाली गाड़ी होती है जो खास ट्रैक पर चलती है। जीएमडीए के प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में गुरुग्राम के सड़क नेटवर्क पर भीड़भाड़ कम करने के लिए नए और टेक्नोलॉजी पर आधारित ट्रांसपोर्ट विकल्प पर विचार कर रही है।
जीएमडीए के सीईओ ने बताया कि 'जीएमडीए शहरी ट्रांसपोर्ट सिस्टम को और बेहतर बनाने की कोशिश में है। इसके लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत, ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर और भीड़भाड़ कम करने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार और वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है। बैठक में 'ग्लाइडवेज' सिस्टम को शुरू करने की संभावना पर जोर दिया गया। यह एक आधुनिक तकनीक है जिसमें छोटी इलेक्ट्रिक कारें बिना ड्राइवर के अपने खास रास्तों पर चलती हैं। यह लोगों को सफर के लिए एक लचीला और पर्यावरण के अनुकूल नया विकल्प देता है।'
सुजुकी 'ग्लाइडवेज' के साथ पार्टनरशिप
इस प्रोजेक्ट के तहत, सुजुकी 'ग्लाइडवेज' के साथ पार्टनरशिप कर रही है जिससे शहर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को भविष्य के हिसाब से नया रूप दिया जा सके। जीएमडीए के सीईओ ने आगे बताया कि ‘गुरुग्राम में भविष्य की जरूरतों को पूरा करने वाले और प्रदूषण-मुक्त ट्रैफिक मुहैया करवाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है। अथॉरिटी इसके लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करेगी और इस मॉडल को लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।’
CM सैनी ने की थी डेलीगेट्स संग बैठक
आपको बता दें कि 15 अप्रैल को इन दोनों कंपनियों ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी के सामने अपना प्रेजेंटेशन दिया था। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से पॉड टैक्सी सेवा शुरू करने की संभावना, उनके लिए रास्तों की पहचान, रूट प्लानिंग, निवेश और सरकारी-निजी भागीदारी (पीपीपी) जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इस मुलाकात के दौरान शहर के ट्रैफिक पर चर्चा हुई। इस दौरान सीएम ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ है और किसी तरह की कोई समस्या नहीं होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन