Greater Noida Authority will purchase necessary equipments machines to deal with acidents and disasters हादसे से सबक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नई तैयारी; आपदा से निपटने को खरीदेगा मशीनें, Ncr Hindi News - Hindustan
More

हादसे से सबक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नई तैयारी; आपदा से निपटने को खरीदेगा मशीनें

नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की की मौत की घटना ने हाईटेक शहर की पोल खोल कर रख दी है। इससे सबक सीखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आगजनी, हादसों और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए रोबोट फायर जैसी जरूरी मशीनें यानी उपकरण खरीदने के लिए टेंडर जारी किया है।

Sun, 25 Jan 2026 01:37 PMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share
हादसे से सबक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नई तैयारी; आपदा से निपटने को खरीदेगा मशीनें

नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की की मौत की घटना ने हाईटेक शहर की पोल खोल कर रख दी है। इससे सबक सीखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आगजनी, हादसों और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए रोबोट फायर जैसी जरूरी मशीनें यानी उपकरण खरीदने के लिए टेंडर जारी किया है।

जिले में बड़ी संख्या में बहुमंजिला इमारतें हैं। इसके देखते हुए अग्निशमन विभाग को अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा, ताकि आगजनी की स्थिति से निपटने में मदद मिल सके। पानी में फंसे लोगों को भी बचाया जा सके। इसके लिए संसाधन जुटाने के साथ प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जाएगा।

100 मशीनें खरीदी जाएंगी

प्रथम चरण में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से छोटी और बड़ी मिलाकर 100 मशीनें खरीदी जाएंगी। अत्याधुनिक तकनीक से युक्त फायर मशीनें खरीदने के लिए बीते साल मार्च महीने में हुई प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव पास हुआ था, लेकिन अब तक उपकरणों की खरीद नहीं की जा सकी। नोएडा में बीते दिन हुए हादसे के बाद मशीनों की खरीद में तेजी आ गई है। इसके लिए गठित समिति में प्राधिकरण के साथ पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल किए गए हैं। सामान खरीदकर संबंधित विभाग को उपलब्ध करा जाएंगे। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया अगले दो से तीन माह में पूरी कर ली जाएगी।

इस तरह की घटनाओं से निपटने में कारगर होंगी

जिले में बड़ी संख्या में बहुमंजिला इमारतें हैं, ऐसे में ये उपकरण काफी उपयोगी साबित होंगे। वाटर मिस्ट के जरिए बिजली के ट्रांसफॉर्मर, किचन, गैस सिलेंडर, कार में लगी आग को बुझाया जा सकता है। कटिंग टूल आगजनी में फंसे लोगों को बचाने के लिए लोहे को काटने के काम आएगा। प्रॉक्सिमिटी सूट और केमिकल सूट से तापयुक्त और केमिकल की आग से निपटने के लिए इस्तेमाल होगा। कार्बन कंपोजिट सिलेंडर से धुएं युक्त वातावरण में भी दमकलकर्मी लंबे समय तक बचाव कार्य कर सकेंगे। एलमोनाइज सूट से 300 डिग्री तापमान होने पर भी रेस्क्यू करने के लिए उपयोगी है। लंबी अवधि तक आगजनी से निपटने के लिए पानी की आपूर्ति करने में वाटर बाउजर ही कारगर है।

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, ''आगजनी और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। फायर उपकरण खरीदने के लिए टेंडर जारी की गई है। कर्मचारियों को प्रशिक्षित किए जाने की जरूरत है। आपदाओं से निपटने के लिए बजट सुरक्षित किया जाएगा।''

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।