नजदीकी मेट्रो स्टेशनों जानने के लिए गूगल की नहीं पड़ेगी जरूरत, दिल्ली मेट्रो का नया प्लान
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने मैपल्स मैप माय इंडिया के साथ एक समझौता किया है। इससे दिल्ली मेट्रो डाटा इस स्वदेशी मैप माय इंडिया एप से जुड़ेगा।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने मैपल्स मैप माय इंडिया के साथ एक समझौता किया है। इससे दिल्ली मेट्रो डाटा इस स्वदेशी मैप माय इंडिया एप से जुड़ेगा। इससे यात्रियों नजदीकी मेट्रो स्टेशन सहित मेट्रो से जुड़ी तमाम जानकारी आसानी से मिल सकेगी। नजदीकी मेट्रो स्टेशन की जानकारी के लिए गूगल मैप की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे गूगल मैप पर निर्भरता कम होगी।
डीएमआरसी के अनुसार मैपल्स एप के करीब साढ़े तीन करोड़ यूजर हैं। जिन्हें दिल्ली मेट्रो के रूट, किराया, ट्रेन की फ्रिक्वेंसी इत्यादि की वास्तविक समय में जानकारी मिल सकेगी। इस एप से यात्रियों को यह भी जानकारी मिल सकेगी मेट्रो कितने समय के अंतराल पर उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों का सफर अधिक स्मार्ट होगा। मेट्रो में प्रतिदिन लाखों लोग सफर करते हैं। बहुत यात्रियों को जानकारी के लिए गूगल मैप का सहारा लेना पड़ता है। अभी दिल्ली मेट्रो का एप भी गूगल मैप से जुड़ा है। अब यह मैपल्स एप से भी जुड़ जाएगा। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने कहा कि डीएमआरसी तकनीक की मदद से यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पूरे एनसीआर के लोगों का सफर आसान होगा।
डीएमआरसी के अधिकारी बताते हैं कि यह एप तनकीकी रूप से अधिक अत्याधुनिक है। इसके नेविगेशन सिस्टम में 3डी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसलिए एप की मदद से ट्रैफिक जाम, जलभराव इत्यादि की वास्तविक समय में जानकारी के अलावा नागरिक सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी मिल सकेगी। यह एप जरूरतमंद यात्रियों को मेट्रो स्टेशन पर मौजूद सार्वजनिक शौचालय का रास्ता भी दिखाएगा। इस तरह की नागरिक सुविधाओं से संबंधित अन्य जानकारियां भी उपलब्ध कराएगा।




साइन इन