गाजियाबाद के इन 100 पार्कों की नए साल में बदलेगी तस्वीर, खर्च होंगे 1.94 करोड़
नगर निगम ने दिल्ली से सटा होने के कारण इंदिरापुरम में हरियाली बढ़ाने पर जोर देना शुरू कर दिया है। इंदिरापुरम के 100 पार्कों को संवारा जा रहा है। सभी पार्कों को नए सिरे से विकसित किया जाएगा।

नगर निगम इंदिरापुरम के सौ पार्क नए सिरे से विकसित कराएगा। पार्कों के अलावा 25 सेंट्रल वर्ज और दो हरित पट्टी पर भी काम होगा। इस तरह इंदिरापुरम को हरा-भरा बनाने के लिए करीब 1.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इंदिरापुरम गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की आवासीय योजना थी। यह अब नगर निगम के हस्तांतरण हो चुकी है। हस्तांतरण से पहले इंदिरापुरम के ज्यादातर पार्क बदहाल थे। हरित पट्टी और सेंट्रल वर्ज का भी बुरा हाल था। हरियाली ज्यादा नहीं थी। रखरखाव न होने से कई स्थानों पर हरियाली खत्म होने लगी थी।
नगर निगम ने दिल्ली से सटा होने के कारण इंदिरापुरम में हरियाली बढ़ाने पर जोर देना शुरू कर दिया है। इंदिरापुरम के 100 पार्कों को संवारा जा रहा है। सभी पार्कों को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। 25 सेंट्रल वर्ज की मरम्मत कराई जाएगी। इसमें घास और पौधे लगाए जाएंगे। दो हरित पट्टी का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर निगम के उद्यान विभाग प्रभारी डॉ. अनुज सिंह ने बताया कि
न्यायखंड-1, 2, 3 और अभयखंड के कुल 21 पार्कों के रखरखाव पर लगभग 9.41 लाख रुपये खर्च होंगे। अभयखंड के छोटे पार्कों के लिए अलग से बजट तय किया है। ज्ञानखंड-4 के अन्य 10 पार्कों के लिए 8.45 लाख रुपये खर्च होंगे। ज्ञानखंड-1, 3 और 4 के 14 पार्कों पर करीब 8.67 लाख रुपये खर्च होंगे। नीतिखंड, शक्तिखंड और अहिंसा खंड के 10 से अधिक पार्कों के लिए लगभग 9.83 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है।
नलकूप की होगी ऑनलाइन निगरानी
नगर निगम इंदिरापुरम और कविनगर के नलकूप की ऑनलाइन निगरानी करेगा। इसके लिए जलकल विभाग स्काडा सेंटर बनाएगा। जलकल विभाग ने पिछले दिनों डीपीआर आईआईटी रुड़की को भेजी थी, जिसे पास कर दिया गया। जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि डीपीआर को मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया फरवरी या मार्च से स्काडा सेंटर का काम शुरू हो जाएगा।
तीन महीने के लिए रखरखाव होगा
उद्यान प्रभारी ने बताया कि स्वर्णजयंती पार्क के तीन महीने के लिए रखरखाव कराया जाएगा। इसके लिए 9.73 लाख रुपये खर्च होंगे। स्वर्णजयंती पार्क को किराये पर देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि ग्रीन वैली-1 और 2 के पूरे साल के रखरखाव के लिए 18.82 लाख रुपये खर्च होंगे। स्वर्ण जयंती पार्क के सामने, कनावनी पुलिया से एनएच-9 तक जयपुरिया सनराइज के सामने वाली सेंट्रल वर्ज पर पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा घास भी लगाई जाएगी।
डॉ. अनुज सिंह, उद्यान प्रभारी, नगर निगम ने बताया कि इंदिरापुरम के 100 पार्क, 25 सेंट्रल वर्ज और दो हरित पट्टी को नए सिरे से विकसित कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर किए गए हैं। इंदिरापुरम क्षेत्र को हरा-भरा किया जाएगा।




साइन इन