घेर कर करने लगे गलत हरकत; गाजियाबाद के मॉल में डांस कर रही दिल्ली की लड़कियों से छेड़छाड़
गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में एक क्लब में डांस कर रही दिल्ली की कुछ युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। विरोध पर आरोपियों ने धमकी दी और रोकने पर बाउंसरों को पीट दिया।

गाजियाबाद के कौशांबी थानाक्षेत्र स्थित एक क्लब में छह युवतियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध पर आरोपियों ने धमकी दी और रोकने पर बाउंसरों को पीटा। दो नवंबर की रात को हुई घटना में डीजीपी कार्यालय से संज्ञान लेने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई।
पब्लिक हाउस क्लब में वारदात
बताया जाता है कि दिल्ली में रहने वाली छह युवतियां दो नवंबर को कौशांबी थानाक्षेत्र के एक मेगा मॉल आई थीं। युवतियां मॉल के पब्लिक हाउस क्लब में गईं, तो वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे।
घेर लिया और करने लगे गलत हरकत
शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि वह अपनी दोस्तों के साथ डांस कर रही थीं, इसी दौरान पांच-छह युवकों ने उन्हें घेर लिया। युवक उनके साथ गलत हरकत करने लगे। विरोध करने पर छेड़छाड़ की।
बाउंसरों ने की रोकने की कोशिश
युवतियों ने बाउंसरों को इस बारे में बताया तो आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि युवकों में से एक ने कहा कि उसका नाम प्रवीन मिश्रा है और वह पत्रकार है। उसका कहा नहीं माना तो क्लब बंद करा देगा। बाउंसरों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया तो आरोपी ने अपने साथियों संग मिलकर दोनों बाउंसरों को पीटा और फरार हो गए।
युवतियों ने दी शिकायत
सूचना के बाद पुलिस पहुंची तो युवतियों ने शिकायत दी। आरोप है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। इसके बाद पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की।
रिपोर्ट दर्ज, फुटेज की जांच
डीजीपी कार्यालय ने संज्ञान लेकर स्थानीय पुलिस से पूछताछ की, जिसके बाद प्रवीन मिश्रा और उसके पांच साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मॉल में लगे कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी।




साइन इन