प्रतिबंधित कफ सिरप की अरब देशों में तस्करी, गाजियाबाद में चल रहे इंटरनेशनल गैंग का पर्दाफाश
सोनभद्र पुलिस की सूचना पर गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने मेरठ रोड पर एक ट्रांसपोर्टर के यहां छापा मारकर ₹3.4 करोड़ की प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की और बांग्लादेश व अरब देशों तक तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गैंग के 8 तस्करों को गिरफ्तार किया।

प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी देश में ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश और अरब देशों में भी हो रही थी। सोनभद्र पुलिस की सूचना पर आठ तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को यह खुलासा किया। टीम ने मेरठ रोड स्थित मछली गोदाम में एक ट्रांसपोर्टर के यहां छापा मारकर 3.4 करोड़ रुपये की कफ सिरप बरामद की।
कमिश्नरेट पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित कफ सिरप एसकफ और फेंसेडिल की तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गैंग का पर्दाफाश किया। सोमवार रात क्राइम ब्रांच की टीम ने सोनभद्र पुलिस के साथ मिलकर मेरठ रोड स्थित मछली गोदाम में एक ट्रांसपोर्टर के यहां छापेमारी की। यहां से पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप से लदे चार ट्रक, एक कार, 20 लाख नकद, दो लैपटॉप, 10 मोबाइल, फर्जी मोबाइल सिम और फर्जी मोहर और दस्तावेज बरामद किए। मौके से ट्रांसपोर्टर समेत गैंग से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने कबूला है कि उनका गैंग प्रतिबंधित कफ सिरप की भारत से बांग्लादेश और अरब देशों में तस्करी करता है। एडिशनल सीपी अपराध एवं मुख्यालय केशव कुमार चौधरी ने बताया कि 18 अक्तूबर को सोनभद्र पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी करने वाले गैंग के कुछ तस्करों को गिरफ्तार कर पूछताछ की थी।
दुबई से अंतरराष्ट्रीय गैंग चला रहा आसिफ
एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि मेरठ के गांव राधना का आसिफ अंतरराष्ट्रीय गिरोह का सरगना है। वह दुबई से गिरोह संचालित कर रहा है। मेरठ का ही वसीम सिरप की खेप को भारत-बांग्लादेश सीमा पर ट्रकों को पार कराने और बनारस का शुभम जायसवाल भारत में गिरोह का जिम्मा संभालता है।
दिल्ली से आती है खेप
बरामद एसकफ नाम की सिरप का उत्पादन हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब स्थित लेबोरेट फार्मा कंपनी और फेंसेड्रिल कफ सिरप हिमाचल के बद्दी इलाके में स्थित एबॉट फार्मा कंपनी द्वारा किया जाता है। दिसंबर 2024 में एबॉट कंपनी ने फेंसेड्रिल सिरप बनाना बंद कर दिया। इस कफ सिरप को दिल्ली स्थित कंपनियों के वेयर हाउस में स्टॉक किया जाता था।
सौरभ है मास्टरमाइंड
एडिशनल सीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इंदिरापुरम का सौरभ त्यागी, कैला भट्ठा का शादाब, कानपुर का शिवकांत गढ़ी माजरा का संतोष भड़ाना, मेरठ का अंबुज कुमार, सुल्तानपुर जिले का धर्मेंद्र कुमार और टीकमगढ़ मध्यप्रदेश का दीपू और सुशील यादव शामिल हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड सौरभ त्यागी है, जबकि संतोष भड़ाना ट्रांसपोर्टर है।




साइन इन