जेवर एयरपोर्ट के पास घर बनाने का मिलेगा मौका, 4000 प्लॉटों की आएगी योजना; जानें सेक्टर और साइज
उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास घर बनाने का मौका मिलेगा। नए साल पर यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण यहां करीब 4 हजार रिहायशी प्लॉटों की योजना लाने की तैयारी में है। इनमें 200, 300 और 450 वर्गमीटर के प्लॉट होंगे।

उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास सेक्टर-5 में घर बनाने का मौका मिलेगा। नए साल पर यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण (यीडा) यहां करीब 4 हजार रिहायशी प्लॉटों की योजना लाने की तैयारी में है। इनमें 200, 300 और 450 वर्गमीटर के प्लॉट होंगे।
प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि यमुना सिटी में सेक्टर-5 को आवासीय श्रेणी में रखा गया है। यह सेक्टर एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर है। साथ ही सेक्टर में भूमि अधिग्रहण का कार्य भी चल रहा है, जो कि 90 प्रतिशत तक लगभग पूरा हो गया है। हाल ही में ही प्राधिकरण ने सेक्टर-5 के लिए भीकनपुर गांव के 19 किसानों की लिस्ट का प्रकाशन किया है। इससे पूर्व अन्य गांवों में भी जमीन के लिए किसानों से वार्ता जारी है और अधिग्रहण भी हो चुका है।
प्राधिकरण इस सेक्टर में टोपो ग्राफिकल सर्वे भी कराने जा रहा है। वहीं, सर्विस प्लान के तहत सेक्टर में जलापूर्ति और सीवर, ड्रेनेज की व्यवस्था का भी प्लान तैयार है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह का कहना है कि नववर्ष पर यीडा क्षेत्र में करीब 4 हजार प्लॉटों की योजना की तैयारी है। इसे लेकर जमीन की उपलब्धता पर काम चल रहा है। इस योजना में छोटे और बड़े सभी प्लॉट होंगे।
बताया जाता है कि यह सभी प्लॉट नोएडा एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के बेहद नजदीक है। अगले कुछ माह में एयरपोर्ट से उड़ान प्रस्तावित है, ऐसे में हर कोई यहां घर बनाने का सपना देख रहा है। प्राधिकरण ने आम लोगों के लिए छोटे प्लॉटों पर योजना शुरू करने की योजना बनाई है, ताकि तेजी से शहर में बसावट हो सके।
रेरा में पंजीकरण का इंतजार
यमुना विकास प्राधिकरण ने नववर्ष पर तीन सेक्टरों में 973 आवासीय प्लॉटों की योजना निकालने की तैयारी की है। इसके लिए सेक्टर-15सी, 18 और 24ए में 973 आवासीय प्लॉटों की योजना लाई जाएगी। योजना को लेकर यूपी रेरा में रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया जा चुका है, जिसकी मंजूरी का इंतजार है। योजना में सबसे ज्यादा 200 वर्ग मीटर के 481 प्लॉट रहेंगे। जिनमें 373 प्लॉट सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। सबसे बड़ा प्लॉट 290 वर्गमीटर का होगा, ऐसे में इस योजना में दो लाख से अधिक आवेदन आने की संभावना है।




साइन इन