Gangsters in Delhi NCR are handing over the responsibility of illegal business to women who is in whose gang दिल्ली-एनसीआर में ‘लेडी डॉन’ का खौफ, गैंगस्टर महिलाओं को सौंप रहे काले कारोबार की जिम्मेदारी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली-एनसीआर में ‘लेडी डॉन’ का खौफ, गैंगस्टर महिलाओं को सौंप रहे काले कारोबार की जिम्मेदारी

दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों के गिरोहों में ‘लेडी डॉन’ का चलन तेजी से बढ़ रहा है। विरोधी गैंग की रेकी, वसूली की साजिश, इलाके की देखरेख, गुर्गों के बीच समन्वय और लॉजिस्टिक मदद जैसे कई अहम काम अब महिलाएं संभाल रही हैं।

Wed, 11 March 2026 06:36 AMSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान/नई दिल्ली
share
दिल्ली-एनसीआर में ‘लेडी डॉन’ का खौफ, गैंगस्टर महिलाओं को सौंप रहे काले कारोबार की जिम्मेदारी

दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों के गिरोहों में ‘लेडी डॉन’ का चलन तेजी से बढ़ रहा है। विरोधी गैंग की रेकी, वसूली की साजिश, इलाके की देखरेख, गुर्गों के बीच समन्वय और लॉजिस्टिक मदद जैसे कई अहम काम अब महिलाएं संभाल रही हैं।

कई मामलों में वे गैंग के ऑपरेशन की कमान भी संभाल रही हैं। खासतौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग में पिछले दो वर्षों में ऐसी महिलाओं का दबदबा तेजी से बढ़ा है। हालांकि यह ट्रेंड सिर्फ इसी गैंग तक सीमित नहीं, बल्कि अन्य गैंगों में भी महिलाओं की सक्रियता बढ़ रही है। आइए जानते हैं ऐसी कुछ कुख्यात गैंगस्टरों की गर्लफ्रेंड के बारे में।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की 'लेडी डॉन'

खुशनुमा अंसारी उर्फ ‘मैडम जहर’ : फरवरी 2026

दिल्ली पुलिस ने फरवरी 2026 में खुशनुमा अंसारी उर्फ ‘मैडम जहर’ को गिरफ्तार किया। वह गैंगस्टर बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड बताई जाती है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी मानी जाती है। उस पर गैंग के ड्रग सिंडिकेट और हथियारों की व्यवस्था में भूमिका निभाने का आरोप है।

जोया खान : मार्च 2025

मार्च 2025 में जोया खान को गिरफ्तार किया गया। वह गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा माना जाता है। जोया पर ड्रग तस्करी और हत्या के मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं। इन गंभीर आरोपों के चलते उस पर मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया।

माया मैडम उर्फ सीमा मल्होत्रा : दिसंबर 2024

दिसंबर 2024 में जयपुर पुलिस ने माया मैडम उर्फ सीमा मल्होत्रा को गिरफ्तार किया। दिल्ली निवासी सीमा पर लॉरेंस गैंग के लिए लॉजिस्टिक्स संभालने, रंगदारी वसूलने और जेल में बंद गैंगस्टरों के बीच समन्वय स्थापित कराने का आरोप है। वह गैंग की गतिविधियों में अहम भूमिका निभाती थी।

माया उर्फ कशिश : मार्च 2024

राजस्थान की 28 वर्षीय माया उर्फ कशिश को मार्च 2024 में चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर वकील के भेष में कोर्ट में घुसकर फायरिंग करने की साजिश रचने का आरोप था। वह गैंग के इशारे पर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थी

खुशबू चेलानी : सितंबर 2023

सितंबर में जयपुर पुलिस ने खुशबू चेलानी को गिरफ्तार किया था। उस पर लॉरेंस गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर डॉक्टरों से रंगदारी वसूलने का आरोप है। वह संपर्क साधने और धमकी देकर पैसे वसूलने में भूमिका निभाती थी।

अन्य गैंगस्टरों की 'लेडी डॉन'

अनुराधा चौधरी

गैंगस्टर काला जठेड़ी की गर्लफ्रेंड अनुराधा चौधरी ने राजस्थान के चमड़िया कॉलेज से एमबीए किया है। पहले वह गैंगस्टर आनंदपाल सिंह के संपर्क में आई और उसके गैंग से जुड़ी। आनंदपाल की मौत के बाद वह काला जठेड़ी के करीब आकर गैंग की वसूली का आर्थिक प्रबंधन संभालने लगी।

काजल झा

गैंगस्टर रविंद्र नागर उर्फ रवि काना की गर्लफ्रेंड काजल झा का नाम तब सामने आया जब नोएडा पुलिस ने फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार रवि काना गिरोह वसूली और स्क्रैप के अवैध कारोबार में सक्रिय था, जबकि काजल बेनामी संपत्तियों व वित्तीय रिकॉर्ड संभालती थी।

काजल खत्री

एनसीआर के गैंगस्टर कपिल मान की गर्लफ्रेंड काजल खत्री का नाम एयरलाइंस कर्मी सूरज मान की हत्या में सामने आया। 19 जनवरी को जेल में बंद कपिल मान के इशारे पर शूटरों ने सूरज मान की कार पर गोलियां बरसाईं। जांच में सामने आया कि काजल ऐप के जरिए शूटरों और कपिल के बीच संपर्क बनाए हुए थी।

अनु धनकड़

गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की गर्लफ्रेंड अनु धनकड़ उर्फ ‘लेडी डॉन’ का नाम राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट में हुई गैंगवार के बाद सामने आया। वह अमन को हनीट्रैप कर आउटलेट तक ले गई, जहां विरोधी गुट ने उसकी हत्या कर दी।

नीतू

तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड से जुड़े गैंगस्टर योगेश टुंडा की नौ साल पुरानी गर्लफ्रेंड नीतू है। योगेश ने छह घंटे की पेरोल के दौरान उससे शादी की थी। योगेश मूल रूप से सोनीपत का रहने वाला था, जबकि नीतू दिल्ली के खानपुर की निवासी है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।