firing on property dealer in ghaziabad loni area गाजियाबाद में प्रॉपर्टी डीलर पर कार सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, दो चाचा की भी हो चुकी हत्या, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गाजियाबाद में प्रॉपर्टी डीलर पर कार सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, दो चाचा की भी हो चुकी हत्या

गाजियाबाद में अंकुर विहार थाना क्षेत्र के सभापुर अंडरपास के पास गुरुवार दोपहर कार धुलवाने आए प्रॉपर्टी डीलर को कार सवार चार बदमाशों ने गोली मार दी। दोनों हाथों और दाएं पैर में जा लगी है। फायरिंग के बाद पीड़ित कार से लोनी थाने में पहुंचा और जान बचाई।

Fri, 26 Dec 2025 10:33 AMSudhir Jha हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
गाजियाबाद में प्रॉपर्टी डीलर पर कार सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, दो चाचा की भी हो चुकी हत्या

गाजियाबाद में अंकुर विहार थाना क्षेत्र के सभापुर अंडरपास के पास गुरुवार दोपहर कार धुलवाने आए प्रॉपर्टी डीलर को कार सवार चार बदमाशों ने गोली मार दी। दोनों हाथों और दाएं पैर में जा लगी है। फायरिंग के बाद पीड़ित कार से लोनी थाने में पहुंचा और जान बचाई। परिजन ने घायल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित परिवार में हुई दो हत्या के मामले में पैरवी कर रहे हैं।

ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के अगरौला गांव के मूलनिवासी मुकुल बंसल प्रॉपर्टी डीलर का कार्य करते हैं। उनके चचेरे भाई सागर बंसल ने बताया कि मुकुल दिल्ली के भजनपुरा में किराये पर रहते हैं। मुकुल गुरुवार को करीब तीन बजे भजनपुरा से अंकुर विहार थाना क्षेत्र के सभापुर अंडरपास के पास शिवा सर्विस सेंटर पर कार धुलवाने के लिए पहुंचे थे।

वह सर्विस सेंटर के पास कुर्सी पर बैठकर कार धुलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार में आए चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दो गोली बाएं हाथ में, एक गोली दाएं हाथ में और एक गोली दाएं पैर में जा लगी। वह किसी तरह से अपनी कार में बैठे और कार दौड़ाकर लोनी थाने पहुंचकर जान बचाई। उन्होंने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को मामले की जानकारी दी। पुलिस घायल को संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सक ने घायल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन घायल को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार किया जा रहा है। चचेरे भाई ने अस्पताल से आने के बाद शिकायत देने की बात कही है। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने कहा कि चिकित्सक ने घायल के हाथों में गोली लगने की बात बताई है। वहीं, पैर में गोली लगने के मामले में संदेह है। पीड़ित पक्ष की आरे से शिकायत नहीं दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सभी जान बचाने के लिए भागे

मुकुल पर जिस तरह से जानलेवा हमला हुआ, उससे साफ है कि हमलावरों ने रेकी की थी। हमले के वक्त किसी और की कार धुल रही थी। मुकुल अपनी कार धुलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज आई और मौके पर हड़कंप मच गया। घटनास्थल और आसपास करीब 10-12 लोग थे, जो जान बचाकर भागे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। बदमाशों ने चार से पांच राउंड फायरिंग की है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर खोखे भी बरामद किए हैं। हालांकि, अब तक हमलावरों का सुराग नहीं मिल पाया है।

सुरक्षा हटाने के बाद हमला

सागर बंसल ने बताया कि चाचा जितेंद्र की हत्या के बाद परिवार की मांग पर दो सुरक्षाकर्मी लगाए गए थे। कांवड़ यात्रा के पूर्व प्रशासन द्वारा दोनों सुरक्षाकर्मी हटा लिए गए। सुरक्षाकर्मी हटाने के बाद जेल में बंद बदमाश के गिरोह के सदस्यों ने भाई पर जान से मारने की नियत से हमला किया।

इन पर लगाए आरोप

सागर बंसल ने बताया कि मुकुल बंसल अपने दो चाचा दिनेश और जितेंद्र की हत्या के मामले में पैरवी कर रहे हैं। करीब चार वर्ष पूर्व ट्रोनिका सिटी मीरपुर हिंदू गांव में दिनेश की गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं जितेंद्र की वर्ष 2022 में लोनी थाने से कुछ दूर अशोक विहार कॉलोनी के सामने गोली मारकर हत्या की गई थी। दोनों हत्या में जेल में बंद बदमाश दीपक अगरौला पर आरोप लगे थे। मुकुल बंसल ने भी जेल में बंद दीपक अगरौला, मुन्ना, मदन और अज्ञात पर आरोप लगाए हैं।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।