दिल्ली में 3 जगह आग का तांडव, धू-धू कर जला बैंक्वेट हॉल, फैक्ट्री भी खाक- VIDEO
दिल्ली में तीन जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुई हैं। कमरुद्दीन नगर की एक फैक्ट्री में भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। दमकल की 21 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

दिल्ली में शनिवार को तीन जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। दिल्ली के कमरुद्दीन नगर में एक फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने आग बुझाने के लिए 21 गाड़ियां मौके पर लगाई हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। अभी तक आग लगने की सही वजह का पता नहीं चल पाया है। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। वहीं पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में एक बैंक्वेट हॉल भी धू-धू कर जल उठा। नांगलोई की जेजे कॉलोनी में भी एक घर में आग लग गई।
कमरुद्दीन नगर में फैक्ट्री खाक, एक दमकल कर्मी जख्मी
वहीं कमरुद्दीन नगर में आग का तांडव दिखा और एक फैक्ट्री खाक हो गई। फायर डिवीजनल ऑफिसर राजेश कुमार ने बताया कि तीन बिल्डिंग में आग लगी थी। इनमें एक ग्राउंड-प्लस-थ्री स्ट्रक्चर है जबकि बाकी दो ग्राउंड-फ्लोर बिल्डिंग हैं। इस फैक्ट्री में हेलमेट बनाने और असेंबली का काम होता है। आग बुझाने के लिए कुल 21 फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। इस घटना में एक फायर ऑपरेटर संदीप डागर के पैर में चोट आई है। उनको बालाजी हॉस्पिटल ले जाया गया है।
जनकपुरी में धू-धू कर जला बैंक्वेट हॉल
पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में एक बैंक्वेट हॉल में शनिवार शाम को आग लगी लेकिन दमकल और स्थानीय पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत बचाव कार्य शुरू किया और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। बैंक्वेट हॉल में एक कार्यक्रम होना था और लोग इकट्ठा हो रहे थे। आग लगने से मची अफरा-तफरी के बीच सभी लोग समय पर बाहर निकल आए अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि सजावट का सामान जलने से काफी नुकसान हुआ है।
दमकल कर्मियों की तत्परता से नहीं फैल पाई आग
दमकल विभाग को शनिवार शाम 5:22 बजे जनकपुरी के एक बैंक्वेट हॉल में आग लगने की खबर मिली। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अलग-अलग स्टेशनों से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आधे घंटे की मेहनत के बाद आग बुझा दी। जल्दी कार्रवाई होने से आग ज्यादा नहीं फैल पाई। इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। पुलिस और विभाग अब आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में लगता है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका है।
जेजे कॉलोनी में भी मकान में आग
वहीं नांगलोई की जेजे कॉलोनी में एक घर में आग लग गई। फायर टेंडर और एक एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।




साइन इन