मुआवजे को लेकर भड़के किसान, सोहना IMT में कंपनी का निर्माण कार्य रुकवाया; जमकर मचा बवाल
मौके पर बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे पहुंचे। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। करीब तीन घण्टे तक तनाव बना रहा। हालांकि पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

सोहना आईएमटी क्षेत्र में किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार को करीब दोपहर 12 बजे कंपनी का निर्माण कार्य रुकवा दिया। मौके पर बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे पहुंचे। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। करीब तीन घण्टे तक तनाव बना रहा। हालांकि पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
1600 एकड़ जमीन का हुआ अधिग्रहण
गौरतलब है कि सोहना आइएमटी को हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) विकसित कर रहा है। इसके लिए नौ गांवों की करीब 1600 एकड़ जमीन अधिग्रहण की गई है। किसानों का कहना है कि सरकार ने उनका अभी बकाया मुआवजा नहीं दिया है। इसी मांग को लेकर किसान काफी समय से धरना दे रहे हैं। बुधवार को एक कंपनी ने अपनी जमीन पर भूमि पूजन किया, उसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया।
निर्माण कार्य शुरू होते ही होने लगा विरोध
भूमि पूजन तक किसानों ने कोई विरोध नहीं किया, लेकिन जैसे ही निर्माण शुरू किया तो किसानों ने विरोध शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि उनकी जमीन का मुआवजा उचित नहीं दिया गया और कई मामलों में भुगतान लंबित है। इसी मांग को लेकर वे मौके पर धरने पर बैठ गए और काम बंद करा दिया।
जब तक मांग पूरी नहीं होगी, काम नहीं करने देंगे
किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक कार्य नहीं करने दिया जाएगा। बहरहाल, बुधवार को मौके पर महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रही, जिससे स्थिति संवेदनशील बनी। पुलिस बल तैनात किया गया। दोनों पक्षों के बीच टकराव जैसे हालात बने। काम को रोक दिया गया। हालांकि पुलिस प्रशासन के आश्वसन के बाद किसान शांत हुए।
नोट- खबर में इस्तेमाल की गई तस्वीर एआई से बनाई गई है।




साइन इन