Faridabad car girl boys stunt police took action 29000 challan फरीदाबाद में स्टंटबाजी, कार के दरवाजे पर लटके लड़के-लड़कियां; चालान कटा और 29 हजार जुर्माना भी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

फरीदाबाद में स्टंटबाजी, कार के दरवाजे पर लटके लड़के-लड़कियां; चालान कटा और 29 हजार जुर्माना भी

फरीदाबाद के सेक्टर-12 रोड पर गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ है। पांच कार एक साथ मिलकर स्टंट कर रही थीं, जिसमें कुछ युवक-युवतियां गाड़ियों की खिड़कियों से लटके हुए थे और कुछ सनरूफ से निकलकर रील बना रहे थे।

Sun, 28 Dec 2025 07:06 PMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share
फरीदाबाद में स्टंटबाजी, कार के दरवाजे पर लटके लड़के-लड़कियां; चालान कटा और 29 हजार जुर्माना भी

फरीदाबाद के सेक्टर-12 रोड पर गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ है। पांच कार एक साथ मिलकर स्टंट कर रही थीं, जिसमें कुछ युवक-युवतियां गाड़ियों की खिड़कियों से लटके हुए थे और कुछ सनरूफ से निकलकर रील बना रहे थे। इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने 3 गाड़ियों का चालान काट दिया है और उन पर 29 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि काफिले में शामिल अन्य गाड़ियों की भी पहचान की जा रही है। घटना शनिवार शाम की है।

वायरल वीडियो में फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित कोर्ट रोड पर युवक-युवतियां गाड़ियां लेकर निकले थे। लग्जरी गाड़ियों का यह काफिला जब निकला तो पूरी सड़क पर फैलकर चला। इस दौरान दूसरी गाड़ियों को आगे नहीं निकलने दिया गया। इसी काफिले के पीछे चल रहे एक कार सवार ने स्टंटबाजी का वीडियो शूट किया। कारों का यह काफिला नेशनल हाईवे की तरफ से शुरू हुआ और सेक्टर-12 के कोर्ट रोड से गुजरता हुआ इंडियन ऑयल की ओर मुड़ गया। हैरानी की बात यह है कि इसी सड़क से मात्र 50 मीटर की दूरी पर जिला न्यायालय, डीसी कार्यालय और सेंट्रल थाना है।

इसके बावजूद पुलिस को इस स्टंटबाजी की भनक तक नहीं लगी। लघु सचिवालय के बाहर पुलिसकर्मी तैनात होते हैं। उन्होंने भी इन वाहनों को रोकने की कोशिश नहीं की। वीडियो में करीब 5 कारों का काफिला एक साथ चल रहा है। इनकी लाइटें जल रही हैं, साइरन बज रहे हैं। साथ ही इनकी खिड़कियों और सनरूफ से निकले युवक-युवतियां स्टंटबाजी करते हुए रील बना रहे हैं।

सड़क पर अन्य वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा। एक कार में सवार युवक और एक युवती खिड़कियों पर आधे बाहर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। जबकि, दूसरी कारों में कुछ युवक सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट और रील बनाते नजर आ रहे हैं। इसी हिसाब से इनका चालान भी किया गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने 3 गाड़ियों के अलग-अलग पोस्टल चालान किए हैं। एक कार, जिसमें एक युवती और दो युवक खिड़की पर बैठकर स्टंट कर रहे थे, उस पर 17,500 रुपये का चालान किया गया। दूसरी कार, जिसमें दो युवक सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे थे, उस पर 5,500 रुपये का चालान किया गया। तीसरी कार, जिसमें एक युवक सनरूफ से बाहर खड़े होकर रील बना रहा था, उस पर 6,000 रुपये का चालान किया गया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी कार मालिकों को थाने बुलाया गया है और उनसे पूछताछ की जाएगी। वीडियो में नजर आ रहीं 3 गाड़ियों का चालान किया गया है और अन्य गाड़ियों की पहचान भी की जा रही है।उन्होंने कहा कि इस तरह की स्टंटबाजी पूरी तरह से गलत है और इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान को गंभीर खतरा होता है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।