Elevated road plan on SPR in Gurugram new DPR will be prepared for vatika chowk-hhatta village route गुरुग्राम में SPR पर बनेगा एलिवेटेड रोड, वाटिका चौक से घाटा गांव रूट पर नई DPR होगी तैयार, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में SPR पर बनेगा एलिवेटेड रोड, वाटिका चौक से घाटा गांव रूट पर नई DPR होगी तैयार

गुरुग्राम में सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित अधिकारियों की बैठक के दौरान यह आदेश दिए। 

Thu, 13 Nov 2025 07:42 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम में SPR पर बनेगा एलिवेटेड रोड, वाटिका चौक से घाटा गांव रूट पर नई DPR होगी तैयार

गुरुग्राम में सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित अधिकारियों की बैठक के दौरान यह आदेश दिए। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी मौजूद रहे। करीब 14 किलोमीटर लंबा एसपीआर, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर गांव घाटा से शुरू होता है, जो वाटिका चौक (गुरुग्राम-सोहना हाईवे) से होता हुआ दिल्ली-जयपुर हाईवे और द्वारका एक्सप्रेसवे से गांव खेड़की दौला के पास जाकर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने वाटिका चौक से लेकर खेड़की दौला तक एसपीआर के करीब 6 किमी लंबे हिस्से को एलिवेटेड बनाने की मंजूरी दी हुई थी। बुधवार सुबह एसपीआर के गांव घाटा से लेकर वाटिका चौक (गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन) रोड को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जीएमडीए के अलावा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिंचाई विभाग आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने पक्ष रखा कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अंडरपास का निर्माण किया जाए।

केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत ने इस बैठक में पक्ष रखा कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अरावली पर्वत श्रृंखला है। मॉनसून में गांव घाटा से पानी तेज बहाव के साथ नीचे आता है। ऐसे में बारिश में अंडरपास में जलभराव होगा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होगी। उन्होंने पक्ष रखा कि इस रोड को एलिवेटेड तैयार किया जाए। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने भी एलिवेटेड रोड का समर्थन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने आदेश जारी किए कि एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाए। इसके लिए तीन महीने के अंदर नए सिरे से डीपीआर तैयार की जाए।

नए सिरे से एलिवेटिड रोड की डीपीआर बनेगी

एसपीआर पर वाटिका चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए करीब 750 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार हुई थी। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के पांच चौराहों पर यदि अंडरपास बनते तो करीब 658 करोड़ रुपये का खर्चा आता और यदि फ्लाईओवर का निर्माण होता तो 578 करोड़ रुपये का खर्चा आता। अब एसपीआर को एलिवेटेड करने के आदेश जारी किए हैं तो नए सिरे से डीपीआर तैयार होगी।

जाम लगना आम बात : एसपीआर पर रोजाना सुबह और शाम के समय यातायात जाम लगता है। द्वारका एक्सप्रेसवे से किसी वाहन को गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड की तरफ जाना होता है तो उसे कम से कम 45 मिनट से लेकर एक घंटे का समय लगता है।

रेवाड़ी एम्स पर क्लोवर लीफ बनाया जाएगा

गुरुग्राम। माजरा स्थित रेवाड़ी एम्स को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए क्लोवर लीफ (फुल ट्रंपेट इंटरचेंज) का निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने इसके निर्माण की मंजूरी दी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दिनों में अंडरपास में पानी भर जाता है। एम्स में गंभीर मरीजों का आना-जाना होता है। हाईवे और रेलवे लाइन को पार करने के लिए ट्रंपेट इंटरचेंज बनाना आवश्यक है। रेवाड़ी एम्स के निदेशक डॉ. डीएन शर्मा ने बताया कि एम्स निर्माण के दौरान सरकार के साथ हुए समझौते में ट्रंपेट इंटरचेज निर्माण की बात कही गई है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।