नोएडा एयरपोर्ट के लिए इलेक्ट्रिक बसें 10 जून से, इन 3 रूटों पर मिलेगी सुविधा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तीन रूट पर इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करने के लिए रूट का निर्धारण किया है। यह बस सेवा 10 जून तक शुरू होगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। इससे पहले यात्रियों के लिए बस सेवा शुरू की जानी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा एयरपोर्ट तक 110 बसों के संचालन का आदेश दिया है। इसी के तहत तीनों प्राधिकरण अपने-अपने स्तर पर रूट का निर्धारण करने में जुटे हैं। यमुना विकास प्राधिकरण ने क्षेत्र में तीन रूट तय किए हैं।
सीईओ आरके सिंह ने बताया कि तीनों रूट पर लोगों की आवाजाही ज्यादा होती है। यमुना सिटी के सेक्टर-22डी में काफी लोग रहते हैं। लोग पूर्व में बस संचालन की मांग कर चुके हैं। वहीं, 60 मीटर रोड वाले रूट पर दो विश्वविद्यालय हैं, यहां ग्रेनो और दिल्ली से सैकड़ों छात्र पढ़ने आते हैं। इससे उन्हें भी आसानी होगी, जबकि परी चौक से वाया नोएडा एयरपोर्ट वाले रूट पर लोगों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचने की सहूलियत मिलेगी।
यीडा के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि यमुना सिटी में इलेक्ट्रॉनिक बसों के लिए तीन रूट तय किए गए हैं। लोगों की सहूलियत के अनुसार तीनों रूट का निर्धारण किया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को बस सेवा का लाभ मिल सके।
पहला रूट : ग्रेटर नोएडा के परी चौक से वाया यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक होगा। यात्री बिना किसी स्टॉप सीधे एयरपोर्ट जा सकेंगे।
दूसरा रूट : परी चौक से 60 मीटर सड़क, नोएडा इंटरनेशनल विश्वविद्यालय, गलगोटिया विश्वविद्यालय और रबुपूरा होकर नोएडा एयरपोर्ट तक होगा।
तीसरा रूट : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-22डी होते हुए ग्रेटर नोएडा तक होगा।
हाईड्रोजन बसों के लिए प्रशिक्षण जारी
नोएडा एयरपोर्ट तक पांच हाईड्रोजन बसें भी चलाई जाएंगी। बसों का संचालन यूपी रोडवेज करेगा, जबकि नुकसान की भरपाई यीडा करेगा। बताया गया कि बस संचालन से पूर्व चालक और परिचालकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण बेहद जरूरी है, ताकि चालकों को सभी प्रकार की जानकारी हो सके।




साइन इन