'ED Party has been wiped out'; Kejriwal speaks on AAP success in Punjab local bodies election 'ED पार्टी का सफाया हो गया, लोगों ने बदला ले लिया'; निकाय चुनावों में AAP को मिली सफलता पर बोले केजरीवाल, Ncr Hindi News - Hindustan
More

'ED पार्टी का सफाया हो गया, लोगों ने बदला ले लिया'; निकाय चुनावों में AAP को मिली सफलता पर बोले केजरीवाल

मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट सहित आठ नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों सहित कुल 102 नगर निकायों के 1,897 वार्ड के लिए 26 मई को मतपत्रों के जरिए मतदान हुआ था। इस चुनाव में 63.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Fri, 29 May 2026 07:58 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
'ED पार्टी का सफाया हो गया, लोगों ने बदला ले लिया'; निकाय चुनावों में AAP को मिली सफलता पर बोले केजरीवाल

पंजाब में शहरी इलाकों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों से गदगद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया। इन नतीजों को उन्होंने भगवंत मान सरकार के किए कामों पर मिली शाबासी बताया और साथ ही कहा कि राज्य में ईडी पार्टी का सफाया हो गया और लोगों ने उन्हें परेशान करने का बदला ले लिया। दरअसल इन चुनावों में राज्य की सत्ताधारी पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है, जिसके बाद केजरीवाल ने पंजाब के लोगों को दिल से धन्यवाद कहा। पार्टी का दावा है कि इन चुनावों में भाजपा के 1,142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है, जबकि AAP ने 690 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।

इस बारे में सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर करते हुए केजरीवाल ने लिखा, 'पंजाब में शहरी क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के लिए पंजाब के लोगों का दिल से धन्यवाद। सबको बधाई। लोगों ने ये ऐतिहासिक वोट देकर भगवंत मान सरकार के कामों को शाबाशी दी है। ऐसे ही हम अच्छे काम आगे भी करते रहेंगे।'

केजरीवाल ने आगे लिखा, 'ED पार्टी का सफाया हो गया। ED पार्टी ने पंजाब के छोटे-छोटे व्यापारियों पर जो इतनी रेड करवाके लोगों को परेशान किया, आज लोगों ने उसका बदला लिया।'

AAP का दावा- भाजपा के 1142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त

उधर इस बारे में प्रतिक्रिया देते हुए AAP पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि 'पंजाब की जनता ने "ईडी पार्टी" को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 1,142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है, जो यह दर्शाता है कि पंजाब की धरती पर नफरत और बदले की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अब गांवों के बाद शहरों में भी आम आदमी पार्टी का प्रभाव बढ़ा है और नगर निगमों में पार्टी की सरकार बनने से शहरों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम कर रही है।

AAP ने जीते 698 वार्ड, कांग्रेस को 217 वार्ड

पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सत्ताधारी 'AAP' ने शुक्रवार शाम 6 बजे तक 698 वार्ड में जीत दर्ज कर ली थी, जबकि कांग्रेस उम्मीदवारों को 281 वार्ड में विजयी घोषित किया गया। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 217 वार्ड में जीत हासिल की है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के उम्मीदवार 150 वार्ड में जीते हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवारों ने 79 और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने छह वार्ड में जीत दर्ज की है।

चुनाव में उतरे थे कुल 7,554 उम्मीदवार

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब के राजनीतिक दलों AAP, भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के लिए अहम माने जा रहे इन स्थानीय निकाय चुनावों में 7,554 उम्मीदवार मैदान में थे। कुल 1,977 वार्ड में से 80 वार्ड में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए।

इससे पहले मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट सहित आठ नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों सहित कुल 102 नगर निकायों के 1,897 वार्ड के लिए 26 मई को मतपत्रों के जरिए मतदान हुआ था। इस चुनाव में 63.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। (वार्ता इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।