दिल्ली में टी-20 वर्ल्ड कप का खास इंतजाम: DMRC ने बढ़ाया ट्रेनों का समय, जानें टाइमिंग
दिल्ली मेट्रो ने आखिरी मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव सिर्फ एक दिन के लिए किया है। कल के बाद से फिर 13 फरवरी से आखिरी मेट्रो 11:00 से 11:30 के बीच ही मिलेगी।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोज शाह कोटला) में 12 फरवरी को भारत बनाम नामीबिया का रोमांचक मैच होने वाला है। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के इस मैच के लिए दिल्ली मेट्रो ने भी यात्रियों को तोहफा दिया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक्स पर जानकारी दी है कि यात्रियों के लिए ट्रेन सर्विस देर रात तक उपलब्ध रहेगी। डीएमआरसी का कहना है कि यह फैसला भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सामान्य दिनों में मेट्रो की आखिरी ट्रेनें रात 11 से 11:30 बजे के आसपास चलती हैं लेकिन मैच वाले दिन कई रूट्स पर सर्विस इसके बाद भी चालू रहेगी। विशेषकर उन लाइनों पर जो कि स्टेडियम के आस-पास के एरिया को कवर करती हैं। दोनों टीमें 20-20 ओवर का मैच खेलने उतरेंगी और ये मैच 7 बजे शुरू हो जाएगा।
सिर्फ एक दिन के लिए ही
मैच रात 11 बजे खत्म हो सकता है। ऐसे में स्टेडियम से निकलकर मेट्रो के जरिए क्रिकेट फैन्स अपने-अपने घर को सुरक्षित निकल सकेंगे। आपको बता दें कि दिल्ली गेट (गेट नंबर 4 और 5) और ITO (गेट नंबर 3 और 4) अरुण जेटली स्टेडियम के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन हैं। आपको बता दें कि दिल्ली मेट्रो ने आखिरी मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव सिर्फ एक दिन के लिए किया है। कल के बाद से फिर 13 फरवरी से आखिरी मेट्रो 11:00 से 11:30 के बीच ही मिलेगी।

विश्व कप मैचों के कारण 10, 12, 13, 16, 18 फरवरी और एक मार्च को अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में एक एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों को व्यस्त समय के दौरान इन सड़कों पर न जाने की सलाह दी है।
मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आईटीओ चौक से दिल्ली गेट तक बहादुरशाह जफर मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और राजघाट से जेएलएन मार्ग तक के हिस्से पर आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। डीएमआरसी और दिल्ली पुलिस ने सलाह दी है कि यात्री ज्यादा से ज्यादा मेट्रो सर्विस का इस्तेमाल करें ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या खड़ी न हो। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, यातायात संकेतों और यातायात कर्मियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन