Delhi CM Rekha Gupta Meets Family of Tarun Killed in Uttam Nagar Holi Clash तरुण के परिवार से मिलीं CM, कहा- अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो…, Delhi Hindi News - Hindustan
More

तरुण के परिवार से मिलीं CM, कहा- अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो…

रेखा गुप्ता ने परिवार को आश्वासन दिया कि अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो समाज को स्पष्ट संदेश दे कि दिल्ली में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है।

Mon, 9 March 2026 07:24 PMMohit लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
तरुण के परिवार से मिलीं CM, कहा- अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो…

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में मारे गए 26 वर्षीय तरुण के परिवार से मुलाकात की। सीएम ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।

उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो समाज को स्पष्ट संदेश दे कि दिल्ली में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है।

सीएम ने कहा 'आज दिल्ली सचिवालय में उत्तम नगर की दुखद घटना में दिवंगत तरुण के परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस असहनीय पीड़ा के समय दिल्ली सरकार पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। तरुण के परिवार का दुख अत्यंत गहरा और असहनीय है। उन्हें न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने आगे कहा ‘दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता, संबल और आवश्यक सहयोग देगी। साथ ही परिवार की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली में इस प्रकार की अमानवीय और हिंसक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो समाज को स्पष्ट संदेश दे कि दिल्ली में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है।’

आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सोमवार को तरुण की हत्या के सिलसिले में सात और लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। इस मामले में अबतक कुल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। रविवार को दिल्ली नगर निगम ने एक आरोपी के घर के 'अवैध हिस्सों' को बुलडोजर के जरिए ढहा दिया था।

क्या है पूरा मामला?

बुधवार को जेजे कॉलोनी इलाके में एक गुब्बारे को लेकर अलग-अलग समुदायों के दो परिवारों के बीच हुए कथित विवाद के बाद भड़की झड़प में गंभीर रूप से घायल होने के बाद तरुण की मौत हो गई थी। तरुण के पिता मेमराज के मुताबिक गलती से रंगीन पानी से भरा एक गुब्बारा पड़ोस की एक महिला को जा लगा था जिसे विवाद की शुरुआत हुई। उन्होंने दावा किया, 'होली के दिन रात करीब 11 बजे का समय था और हम सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी आरोपी हमला करने आए। दिन में एक छोटी बच्ची ने गलती से गुब्बारा गिरा दिया था, जो दूसरे समुदाय की महिला पर गिर गया। उन्होंने इसे बहुत बड़ा मुद्दा बना दिया। हमने उससे माफी भी मांगी थी।'

मेमराज के मुताबिक, महिला ने बाद में अपने रिश्तेदारों को बुला लिया, जो कथित तौर पर डंडों से लैस थे। इसके बाद सभी ने मिलकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। उन्होंने पहले हम पर हमला किया और हम अपने घरों की ओर भागे। फिर उन्होंने हमारे दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। वे करीब 10 से 12 लोग थे। हमले के दौरान मेरे भाई को चोटें आईं, उसके सिर में टांके आए हैं और उसके हाथ टूटे हुए हैं। मेरी आंखों में भी चोटें हैं और मेरी पत्नी को भी पीटा गया।'

पिता ने दावा किया कि तरुण होली खेलने बाहर गया था और घर लौटते समय उस पर हमला किया गया। उनका कहना है कि तरुण दोस्तों के साथ होली खेलने गया था। जब वह वापस आया, तो हमलावर उसका इंतजार कर रहे थे। उन्होंने उस पर बेरहमी से हमला किया और उसे मार डाला।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।