delhi youth died in jal board pond while returning home दिल्ली में नोएडा जैसा कांड! जल बोर्ड के खोदे गड्ढे में गिरकर मरा बाइक सवार, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में नोएडा जैसा कांड! जल बोर्ड के खोदे गड्ढे में गिरकर मरा बाइक सवार

दिल्ली में गड्ढे में गिरने से मौत का मामला सामने आया है। जनकपुरी इलाके में जल बोर्ड के गड्ढे में गिरने से बाइक सवार की मौत हो गई। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक रात को रोहिणी स्थित दफ्तर से घर लौट रहा था।

Fri, 6 Feb 2026 12:44 PMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, दिल्ली
share
दिल्ली में नोएडा जैसा कांड! जल बोर्ड के खोदे गड्ढे में गिरकर मरा बाइक सवार

दिल्ली में नोएडा जैसी घटना सामने आई है। जनकपुरी इलाके में जल बोर्ड के गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक गुरुवार की रात को रोहिणी स्थित दफ्तर से घर लौट रहा था। घर लौटने के दौरान उसकी बाइक जलबोर्ड के खोदे हुए गड्ढे में गिर गई। जल बोर्ड के खुदे गड्ढे में गिरने के बाद वो रात भर पड़ा रहा और अंत में उसकी मौत हो गई। इस तरह एनसीआर में एक और युवक सिस्टम की भेंट चढ़ गया।

घर के लिए निकला लेकिन जिंदा नहीं पहुंचा

मिली जानकारी के अनुसार, उसकी घर वालों से लगातार बात हो रही थी लेकिन जब वो देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो घर वाले उसे ढूंढने निकले। लगातार तलाशने के बाद कमल का कुछ पता नही चला। सुबह करीब 7:30 बजे के पुलिस का कॉल आया इसके बाद इस घटना का पता लगा। मौके पर पहुंचने पर कमल अपनी बाइक के साथ गड्ढे में गिरा मिला। बाइक सवार का नाम कमल है जो कैलाशपुरी का रहने वाला था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने क्या बताया

इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि जनकपुरी इलाके में हुई इस घटना के संबंध में सूचना सुबह करीब सात बजे मिली जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, शुरुआताी जांच से पता चला है कि यह स्थान दिल्ली जल बोर्ड (DJB) का निर्माण स्थल था और उस जगह को बैरियर लगाकर सुरक्षित किया गया था। अधिकारी ने कहा कि हम मामले में जांच कर रहे हैं और घटना की कड़ियों के तार जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

janakpuri

मौके पर पहुंचे मंत्री आशीष सूद

इस मामले पर बयान देते दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुझे इस दुखद हादसे की खबर सुबह करीब 8:30-9 बजे मिली, और मैं तब से यहीं हूं। यहां दिल्ली जल बोर्ड का काम चल रहा था, और मैंने जल बोर्ड को इसकी जांच करने का निर्देश दिया है। अगर कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने सभी सेफ्टी प्रोटोकॉल का ऑडिट किया था और सर्कुलर जारी किए थे।

janakpuri

AAP ने सरकार पर उठाए सवाल

इस मामले पर आदमी पार्टी ने सवाल खड़े किए हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज सड़क में गहरे गड्ढे में एक मासूम बाइक सवार गिर कर फंस गया, रात भर पड़ा रहा और मर गया। नोएडा की घटना से दिल्ली की भाजपा सरकार ने कुछ नहीं सीखा। बस रोज झूठ बोला जाता है।

बता दें कि नोएडा में बीते दिनों एक इंजीनियर पानी से भरे गड्ढे में गिर गया था। रात के समय पानी में गिरने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन इंजीनियर को बचाया नहीं जा सका। अब वैसा ही मामला दिल्ली में सामने आया है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।