दिल्ली में ठंड, कोहरा और प्रदूषण का ट्रिपल अटैक; इस दिन होगी बारिश, IMD ने बताया अगले 6 दिन का हाल
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अभी तीन दिन घने कोहरे और एक दिन बारिश का पूर्वानुमान जताया है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी अगले तीन दिनों तक बेहद खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अभी तीन दिन तक घने कोहरे और एक दिन बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी अगले तीन दिनों तक बेहद खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।
दिल्ली में इस बार नए साल पर भी मौसम खराब रह सकता है। हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से दिल्ली में 31 दिसंबर को बादल छाएगा और एक जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले तीन दिनों यानी 31 दिसंबर तक घना कोहरा पड़ने के आसार हैं। अधिकतम तापमान गिरकर 20 डिग्री तक आ सकता है। इससे ठिठुरन का अहसास होगा।
वाहनों की आवाजाही प्रभावित
सोमवार सुबह दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। सुबह के समय कुछ स्थानों पर घने कोहरे के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। अधिकतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह और दोपहर में 15 किमी प्रति घंटे से कम की हल्की हवाएं चलने की संभावना है।
घने कोहरे का अलर्ट
मंगलवार और बुधवार को भी घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच और न्यूनतम 7 से 9 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। बुधवार को आसमान में बादल छाया रहेगा। न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है, जबकि अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
नए साल पर बारिश की संभावना
गुरुवार को हल्की बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 18 से 20 डिग्री के बीच जबकि न्यूनतम 3 डिग्री बढ़कर 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शुक्रवार को हल्के बादल के बीच अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शनिवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 20 से 23 और न्यूनतम 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

गंभीर श्रेणी में AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में सोमवार सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 402 रहा, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। 22 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'गंभीर', 14 केंद्रों पर 'बेहद खराब' और एक केंद्र पर 'खराब' रही। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में एक्यूआई 456 दर्ज किया गया, जो सभी केंद्रों में सबसे अधिक था। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले छह दिनों के लिए वायु गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में रहने का अनुमान है।




साइन इन