सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
विधानसभा अध्यक्ष विज्येंद्र गुप्ता ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी है। कल सुबह 11 बजे सीएम रेखा गुप्ता बजट पेश करेंगी।


Delhi Budget Session Live Update
Delhi Budget Session Live Update : दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया। खीर सेरेमनी के बाद सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट विधानसभा में पेश कर दी है। भाजपा सरकार का यह दूसरा बजट है।खीर सेरेमनी के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद खीर बनाई और स्कूली छात्राओं, किसानों, किन्नरों, डॉक्टरों, गिग वर्कर्स आदि को खीर खिलाकर बजट सत्र की शुरुआत की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आने वाला बजट विकास की गति तेज करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निवासियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने पर केंद्रित होगा। बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) ने विधानसभा सत्र का बायकॉट किया है। विधानसभा से पल-पल के अपडेट उपलब्ध करा रहे हिन्दुस्तान संवाददाता आशीष झा….
सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
विधानसभा अध्यक्ष विज्येंद्र गुप्ता ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी है। कल सुबह 11 बजे सीएम रेखा गुप्ता बजट पेश करेंगी।
बार-बार अवमानना करना अत्यंत निंदनीय : विजेंद्र गुप्ता
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह अत्यंत खेदजनक है कि पिछले सत्र में जब गुरुओं की बेअदबी का गंभीर मुद्दा उठा था, तब से नेता प्रतिपक्ष सदन में नहीं आईं हैं और अब भी लगातार अनुपस्थित हैं। इस प्रकार सदन की कार्यवाही में भाग न लेना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डालना, संवैधानिक संस्थाओं को हाइजैक करने जैसा है। आज सदन के पटल पर कई महत्वपूर्ण रिपोर्टें पेश की गई हैं, जिन पर विपक्ष को अपना पक्ष रखना चाहिए और चर्चा में भाग लेना चाहिए। विशेषकर जब दिल्ली का बजट पेश हो रहा हो, तब विपक्ष की उपस्थिति अनिवार्य और अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संसदीय परंपराओं के विरुद्ध जाकर सदन की गरिमा के साथ उद्दंडता करना और बार-बार चेयर (आसन) की अवमानना करना अत्यंत निंदनीय है।
सदन का बहिष्कार करना संसदीय मर्यादा के पूर्णतः खिलाफ : विजेंद्र गुप्ता
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन में कहा कि मैं विपक्ष के माननीय सदस्यों और विपक्ष के नेता द्वारा सदन के बाहर किए जा रहे प्रदर्शन की कड़ी निंदा करता हूं। सदन का बहिष्कार करना और कार्यवाही में भाग न लेना सदन की गरिमा और संसदीय मर्यादा के पूर्णतः खिलाफ है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सदन ही वह स्थान है जहां चर्चा और संवाद होना चाहिए, लेकिन विपक्ष द्वारा बजट सत्र से दूरी बनाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। विशेषकर इस समय, जब दिल्ली का बजट पेश किया जा रहा है, विपक्ष की भागीदारी और उपस्थिति अत्यंत महत्वपूर्ण है। चर्चा छोड़कर बाहर प्रदर्शन करना स्थापित संसदीय परंपराओं के विरुद्ध है।
मंत्री आशीष सूद ने ‘आप’ पर बोला हमला
दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने हाल ही में हुए पालम अग्निकांड पर दुख जताया। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए दिल्ली में सभी अग्निकांड को लेकर विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'आप' सरकार ने दिल्ली फायर सर्विस को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाए।
AAP विधायकों ने 'लोकतंत्र की नकली शव यात्रा' निकाली
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत सभी AAP विधायकों ने दिल्ली विधानसभा के बाहर 'लोकतंत्र की नकली शव यात्रा' निकाली। यह विरोध प्रदर्शन पार्टी के विधायकों के निलंबन और विधानसभा परिसर में उनके कथित प्रवेश निषेध के खिलाफ किया जा रहा है।
दिल्ली सरकार ने आईआईटी मद्रास के साथ किया समझौता
मनजिंदर सिंह सिरसा ने यह भी कहा कि हमने आईआईटी मद्रास के साथ स्मॉग-ईटिंग के लिए एक समझौता किया है। हमने उनसे यह स्टडी करने को कहा है कि क्या सड़कों पर हम जो स्मॉग-ईटिंग केमिकल की परतें बिछाते हैं, उससे सच में प्रदूषण कम होगा। अगर हां, तो कितना कम होगा और ये परतें कितने समय तक रहेंगी? इन सभी स्टडीज के लिए हमने आईआईटी मद्रास के साथ एक ड्राफ्ट पर साइन किया है। मुझे उम्मीद है कि वे अगले तीन महीनों के अंदर हमें यह जानकारी दे देंगे। उसके बाद, हम अगले कदम उठा पाएंगे।"
सिरसा बोले इस बार बजट का नाम 'ग्रीन बजट' रखा गया
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि मैं अपने मुख्यमंत्री का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जो कल दिल्ली का दूसरा बजट पेश करने जा रही हैं। इस बजट की खासियत यह है कि हम पिछले तीस सालों से दिल्ली में पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं से लड़ रहे हैं, और सभी सरकारें इसमें नाकाम रही हैं। यह बजट दिल्ली के पर्यावरण को बचाने के लिए है। यह बजट दिल्ली को साफ पानी और साफ हवा देने के लिए है। इसीलिए इस बजट का नाम 'ग्रीन बजट' रखा गया है..."
दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
दिल्ली विधानसभा सदन की कार्यवाही दोपहर 1:45 बजे तक स्थगित की गई।
रेखा गुप्ता ने विधानसभा में पेश की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश कर रही हैं। इसके बाद यह रिपोर्ट सभी सदस्यों को भेजी जाएगी।
रेखा गुप्ता बोलीं- PM नेता नहीं नायक, साधक नहीं सेवक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विजन के साथ काम करने वाले देश के प्रधानमंत्री को मैं बधाई देना चाहती हूं। उन्होंने ईमानदारी, मेहनत, निष्ठा, कर्तव्य आदि के मायने दुनिया को दिखाए। उन्होंने लगातार देशहित में काम कर दुनिया को दिखाया है। देश का मान बढ़ाने वाले नेता नरेंद्र मोदी हैं। देश को गड्ढों से निकालकर उन्होंने बुलंद इमारत बनाई है। उन्होंने अपने शासन के माध्यम से जवाबदेही, पारदर्शिता के साथ देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। सभी मिलकर अभिनंदन प्रस्ताव को पारित करें।
पीएम मोदी पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं : प्रवेश वर्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8932 दिन राज्य एवं देश प्रमुख के रूप में कार्यकाल पूरा करने पर दिल्ली विधानसभा में बधाई प्रस्ताव लाया गया। इसके तहत विभिन्न मंत्रियों और विधायकों ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। प्रवेश वर्मा ने कहा कि पीएम के इतने बड़े कार्यकाल में उन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है। हम चाहते हैं कि वह स्वस्थ रहें और देश की बागडोर संभालते रहें। सांसद रहते हुए मेरा उनसे मिलना हुआ तो मैंने अस्पताल और सड़क की मांग की थी। उन्होंने पलभर में दोनों मांगों को पूरा किया।
विपक्ष को बोलने का मौका तक नहीं दिया जा रहा : आतिशी
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक आतिशी ने कहा कि विधानसभा सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की ही भूमिका होती है। विपक्ष की भूमिका जनता के हित से जुड़े मुद्दों के बारे में सरकार को अवगत कराना है, लेकिन भाजपा ने पिछले 1 साल में विपक्ष की आवाज दबाने के अलावा कुछ नहीं किया। यह किस तरह का लोकतंत्र है। वे विधानसभा सत्र बुला ही क्यों रहे हैं, जब विपक्ष को बोलने का मौका तक नहीं दिया जा रहा।
सदन ने पालम हादसे पर जताया शोक
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पालम हादसे को लेकर सदन में मृतकों को श्रद्धांजलि दी। सदन में दो मिनट का मौन रखा गया। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके प्रयास किए जाएं।
बजट में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं देने के संकेत
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं, बेहतर स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचा और स्वच्छ हवा व हरित शहर सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए जाने वाले कदम शामिल होंगे। उन्होंने इसे दिल्ली को और अधिक रहने योग्य और टिकाऊ बनाने का एक रोडमैप बताया।
बजट में दिल्लीवालों के लिए हो सकते हैं कई बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभा को संबोधित करते हुए कि बजट का उद्देश्य बेहतर नागरिक सुविधाएं, उन्नत बुनियादी ढांचा और एक ऐसा सकारात्मक माहौल प्रदान करना होगा, जिसमें लोग आराम से रह सकें। उन्होंने आगे कहा कि सरकार निवासियों की लंबे समय से लंबित आकांक्षाओं को पूरा करने और दिल्ली के विकास को एक नई दिशा देने की दिशा में काम कर रही है।
दिल्ली को हर दिन बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता : सीएम
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को हर दिन बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है। वित्त विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद, जिन्होंने इस बजट को तैयार करने में मुख्य भूमिका निभाई। दिल्ली सरकार राजधानी को गति देने के लिए लगातार काम कर रही है।
बजट में विकास की रूपरेखा देखने को मिलेगी : रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार का यह दूसरा बजट है जिसमें विकास की रूपरेखा देखने को मिलेगी। दिल्ली में बेहतर स्वच्छता, प्रदूषण कम करने, छात्रों के लिए योजना, महिलाओं आदि के लिए यह बजट होगा। दिल्ली को अभी सरकार ने दिशा दी है, अब इसकी दशा बदलेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बनाई खीर
दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआज के दौरान आयोजित खीर सेरेमनी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने हाथों से बनाई खीर का सबसे पहले भगवान को भोग लगाया। उसके बाद सीएम ने स्कूली छात्राओं, किसानों, किन्नरों, डॉक्टरों, गिग वर्कर्स आदि को खीर खिलाकर बजट सत्र की शुरुआत की।
विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएंगी भाजपा विधायक शिखा राय
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक शिखा राय विपक्षी दलों के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव पेश करेंगी, जो हाल ही में लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य दलों के समर्थन वाले अविश्वास प्रस्ताव लोकसभा में खारिज हो गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।