दिल्ली में मुफ्त बस सफर के लिए बैंक से मिलेगा सहेली स्मार्ट कार्ड, क्या-क्या शर्तें
दिल्ली में 12 साल और उससे अधिक आयु की महिलाओं और ट्रांसजेंडर को सभी डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के लिए सहेली स्मार्ट कार्ड दिया जाएगा।

दिल्ली में महिलाओं को मुफ्त बस सफर की सुविधा मिलती रहेगी पर इसका तरीका पूरी तरह बदलने जा रहा है। रेखा गुप्ता सरकार आम आदमी पार्टी सरकार के दौर से लागू पिंक टिकट को बंद करके 'सहेली स्मार्ट कार्ड' की योजना लागू करने जा रही है। 12 साल से अधिक उम्र की सभी लड़कियों-महिलाओं और ट्रांसजेंडर को मुफ्त बस सफर का लाभ मिलेगा। स्मार्ट कार्ड नाम और फोटोयुक्त होगा।
एक अधिकारी ने बताया कि स्मार्ट कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के तहत यह स्मार्ड कार्ड जारी किया जाएगा। इससे डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की जा सकेगी और परिवहन के अन्य साधनों का उपयोग करने के लिए रिचार्ज और टॉप-अप की जरूरत पड़ेगी।
किसको मिलेगा सहेली स्मार्ट कार्ड, क्या शर्तें
-अधिकारी ने बताया कि सहेली स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए आवेदक महिला/ट्रांसजेंडर को दिल्ली का निवासी होना चाहिए।
-आयु 12 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
-दिल्ली के पते का वैध प्रमाण होना चाहिए।
-डीटीसी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
-बैंक का चयन करना होगा और चुनी गई बैंक शाखा में पूर्ण केवाईसी सत्यापन पूरा करना होगा।
बैंक देगा स्मार्ट कार्ड, क्या-क्या डॉक्युमेंट चाहिए
अधिकारी ने बताया कि केवाईसी पूरी हो जाने के बाद बैंक आवेदक के पंजीकृत पते पर यह स्मार्ट कार्ड भेज देगा। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, दिल्ली में निवास का प्रमाण, पासपोर्ट आकार की फोटो और बैंक-विशिष्ट केवाईसी मानदंडों के तहत अन्य दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
कार्ड के लिए मामूली चार्ज ले सकते हैं बैंक
अधिकारी ने बताया कि सरकार यात्रियों से यात्रा के लिए कोई शुल्क नहीं लेगी, लेकिन जारीकर्ता बैंक अपनी नीतियों के अनुसार मामूली कार्ड जारी करने या रखरखाव शुल्क लगा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्ड खो जाने की स्थिति में उपयोगकर्ताओं को इसकी सूचना जारीकर्ता बैंक को देनी होगी, जो अपनी शर्तों के अनुसार इसके बदले दूसरा कार्ड उपलब्ध करा सकते हैं।
इन बातों को भी जान लीजिए
उपयोग से पहले कार्ड को डीटीसी के ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम (एएफसीएस) के माध्यम से सक्रिय करना होगा। यद्यपि टॉप-अप के बाद कार्ड का उपयोग परिवहन की अन्य सुविधाओं पर भी किया जा सकता है, लेकिन इस योजना के तहत मुफ्त यात्रा का लाभ डीटीसी और क्लस्टर बसों तक ही सीमित है। अधिकारी ने कहा, 'डीटीसी द्वारा कोई भी कार्ड सीधे जारी नहीं किया जाएगा। पंजीकरण डीटीसी पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह से ऑनलाइन होगा और कार्ड चयनित बैंक द्वारा पूर्ण केवाईसी सत्यापन के बाद ही जारी किए जाएंगे।'




साइन इन