delhi police special cell encounter bhau gang two shooters in baprola area दिल्ली पुलिस ने भाऊ गैंग के 2 शूटरों का किया एनकाउंटर, रिटायर्ड SI के मर्डर व शोरूम फायरिंग में थे शामिल, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली पुलिस ने भाऊ गैंग के 2 शूटरों का किया एनकाउंटर, रिटायर्ड SI के मर्डर व शोरूम फायरिंग में थे शामिल

दिल्ली पुलिस और भाऊ गैंग के गुर्गों के बीच आज बापरोला इलाके में हुए एनकाउंटर के दौरान दो शूटरों दीपक और अतुल को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।  

Mon, 13 April 2026 07:41 AMPraveen Sharma नई दिल्ली, एएनआई
share
दिल्ली पुलिस ने भाऊ गैंग के 2 शूटरों का किया एनकाउंटर, रिटायर्ड SI के मर्डर व शोरूम फायरिंग में थे शामिल

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की काउंटर-इंटेलिजेंस टीम ने राजधानी के बापरोला इलाके में आज एक सफल ऑपरेशन को अंजाम देते हुए खूंखार 'भाऊ गैंग' के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। सोमवार तड़के हुए इस एनकाउंटर के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई, जिसमें दोनों शूटरों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

कौन हैं पकड़े गए अपराधी

पुलिस ने गिरफ्तार शूटरों की पहचान दीपक और अतुल के रूप में की है। ये दोनों ही अपराधी लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे।

पुलिस के अनुसार, अतुल हाल ही में गुरुग्राम के एक शोरूम में हुई गोलीबारी की वारदात में शामिल था, जिसने हरियाणा और दिल्ली के व्यापारिक गलियारों में दहशत पैदा कर दी थी। वहीं, दीपक दिल्ली पुलिस के एक रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था। वह कानून की पकड़ से लगातार बचता फिर रहा था।

कैसे हुई मुठभेड़

स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि भाऊ गैंग के शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए बापरोला इलाके से गुजरने वाले हैं। इस पर स्पेशल सेल की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी, पुलिस ने जब इन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।

अस्पताल में चल रहा इलाज

दिल्ली पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दोनों घायलों बदमाशों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी को भाऊ गैंग के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, जो फिरौती और हत्या जैसी वारदातों के लिए कुख्यात है। दिल्ली पुलिस अब इनसे पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और भविष्य की साजिशों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।