गाजियाबाद में करंट लगने से दिल्ली पुलिस के सिपाही की मौत, जरूरी काम करने निकले थे घर से बाहर
एसीपी वेव सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गाजियाबाद के वेव सिटी थानाक्षेत्र के सादतपुर इकला में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के एक सिपाही की खुले बिजली के तार की चपेट में आने के बाद करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चलेगी। उसके बाद आगे के कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार सादतपुर इकला निवासी 34 वर्षीय तरुण नागर शुक्रवार को अपने घर के पास स्थित केनरा बैंक के नजदीक किसी काम से गए थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वेव सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। परिजनों के मुताबिक तरुण नागर दिल्ली पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात थे और पीसीआर यूनिट, ईस्ट दिल्ली जोन में कार्यरत थे। उनकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया है और क्षेत्र में खुले बिजली के तारों की जांच कराने की मांग की है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन