delhi news ndmc big decisions 50 percent discount on electric vehicle parking दिल्ली के NDMC क्षेत्रों में ई-वाहनों की पार्किंग पर 50% की छूट, 5 बड़े फैसले, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली के NDMC क्षेत्रों में ई-वाहनों की पार्किंग पर 50% की छूट, 5 बड़े फैसले

NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने पर्यावरण संरक्षण हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। अब कर्मचारियों के लिए शटल बस सेवा शुरू होगी और इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग में 50 फीसदी की छूट मिलेगी। 

Thu, 14 May 2026 10:57 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली के NDMC क्षेत्रों में ई-वाहनों की पार्किंग पर 50% की छूट, 5 बड़े फैसले

दिल्ली के NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और फ्यूल की बचत के लिए कई बड़े फैसलों की घोषणा की है। अब दिल्ली के 4 आवासीय क्षेत्रों से कर्मचारियों के लिए विशेष शटल बस सेवा शुरू की जाएगी, जिसका विस्तार जल्द ही 14 अन्य क्षेत्रों तक होगा। इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग पर 50 फीसदी की छूट दी जाएगी और अगले एक साल तक NDMC कोई भी नया पेट्रोल या डीजल वाहन नहीं खरीदेगी। हर सोमवार अधिकारी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे।

1- NDMC कर्मचारियों के लिए शटल बस सेवा

एनडीएमसी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने एक बड़ी बैठक ली। इसमें कई जरूरी फैसले लिए गए। बैठक में फैसला लिया गया कि फ्यूल की बचत, ट्रैफिक जाम कम करने और पलूशन नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कल 15 मई से NDMC 4 प्रमुख आवासीय क्षेत्रों से कर्मचारियों के लिए शटल बस सेवा शुरू करेगी। यह सेवा निम्न क्षेत्रों के लिए उपलब्ध होगी…

1- पालिका आवास, सरोजिनी नगर

2- पालिका ग्राम, लक्ष्मीबाई नगर

3- अमृत काल निवास, जोर बाग रोड

4- बापू धाम फ्लैट्स, चाणक्यपुरी

बसें सुबह 9:00 बजे निर्धारित स्थानों पर पहुंचेंगी और 9:30 बजे पालिका केंद्र के लिए रवाना होंगी। शाम को बसें 5:30 बजे पालिका केंद्र से चलकर 6:00 बजे आवासीय क्षेत्रों तक पहुंचेंगी। प्रत्येक रूट के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे।

14 अतिरिक्त स्थानों तक विस्तार

NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि सोमवार से NDMC 16 बसों के माध्यम से इस सेवा का विस्तार 14 अतिरिक्त आवासीय क्षेत्रों तक करेगी। इसके लिए रूट निर्धारित किए जा चुके हैं। इन क्षेत्रों में…

1- पालिका आवास, सरोजिनी नगर

2- पालिका ग्राम, लक्ष्मीबाई नगर

3- अमृत काल निवास, जोर बाग रोड

4- पालिका कुंज, मेहर चंद मार्केट

5- पालिका निवास, लोधी रोड

6- मल्टीस्टोरी फ्लैट्स, लोधी रोड

7- बापू धाम फ्लैट्स

8- पालिका मिलन

9- पुष्प विहार, साकेत

10- वाल्मीकि सदन

11- गांधी सदन

12- पालिका निकेतन, आर.के. पुरम

13- पालिका एन्क्लेव, मोती बाग

14- रोहिणी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, रोहिणी

2- पेट्रोल, डीजल और CNG वाहन नहीं खरीदे जाएंगे

NDMC ने अगले एक वर्ष तक कोई नया पेट्रोल, डीजल या CNG वाहन नहीं खरीदने का निर्णय लिया है। इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों के इस्तेमाल पर ध्यान दिया जाएगा।

3- ऊर्जा संरक्षण के विशेष उपाय

NDMC के कार्यालयों और संस्थाओं में बिजली बचाने पर खास ध्यान दिया जाएगा। बिजली विभाग एयर-कंडीशनिंग सिस्टम के सही और कंट्रोल इस्तेमाल पर जोर देगा ताकि बिजली की बचत हो सके।

4- इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग पर 50% छूट

NDMC ने पर्यावरण को बचाने के लिए पार्किंग में इलेक्ट्रिक गाड़ियों (ईवी) को 50 फीसदी की छूट देने का फैसला किया है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर ई-रिक्शा और ई-ऑटो को बेहतर बनाने पर बात की गई है ताकि लोगों को आने-जाने में आसानी हो। स्टाफ को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभी NDMC के पास 51 ई-बाइक स्टेशन और 500 साइकिलें हैं जिनका पूरा इस्तेमाल होगा। वकीलों से भी बात की गई है ताकि वे कारपूलिंग और साझा सफर अपना सकें।

5- अधिकारियों के विदेश दौरे रोके गए

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को ज्यादा महत्व दिया जाएगा ताकि फालतू की भाग-दौड़ कम हो, पेट्रोल-डीजल बचे और काम करने की स्पीड बढ़े। पर्यावरण और विकास के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की सरकारी विदेश यात्राएं अभी रोक दी गई हैं। साथ ही कर्मचारियों को सलाह दी जाएगी कि वे बिना जरूरी काम के अपनी निजी विदेश यात्राओं पर भी न जाएं।6-

6- कारपूलिंग पर जोर

NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि अब से हर सोमवार सभी बड़े अधिकारी और विभागों के हेड ऑफिस आने-जाने के लिए मेट्रो या बस जैसे सरकारी साधनों का इस्तेमाल करेंगे। इसके साथ ही ऑफिस के बाकी कर्मचारियों को भी एक साथ गाड़ी में आने (कारपूलिंग) या साझा सफर करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अधिकारियों को किसी काम से बाहर या साइट पर जाना होगा तो वे अपनी अलग गाड़ियों के बजाय 16 सीटों वाली साझा अर्बानिया गाड़ियों का उपयोग करेंगे ताकि सड़कों पर निजी गाड़ियों की संख्या कम की जा सके।

7- ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों को बढ़ावा

बैठक में बड़े अधिकारियों को कहा गया कि NDMC अब सरकारी काम के लिए ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों को प्राथमिकता देगी। साथ हीए कर्मचारियों और आम लोगों को भी ‘मेक इन इंडिया’ के सामान का इस्तेमाल करने के लिए बढ़ावा दिया जाएगा। चहल ने जानकारी दी कि NDMC जल्द ही मोहल्ला समितियों (RWAs) और बाजार के संगठनों के साथ मीटिंग करेगी। इन मीटिंग्स का मकसद लोगों को पर्यावरण बचानेए सही ढंग से सामान इस्तेमाल करने और अच्छी जीवनशैली के बारे में जागरूक करना है।

8- वर्क फ्रॉम होम पर जोर

शिक्षा विभाग ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करेगा तथा अभिभावकों एवं छात्रों के लिए डिजिटल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। चहल ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत चिन्हित विभागों में आवश्यकता के अनुसार समूह ‘B’ एवं समूह ‘C’ श्रेणी के अधिकतम 33 फीसदी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी जा सकती है। विभागाध्यक्ष रोटेशन ड्यूटी रोस्टर तैयार करेंगे ताकि कार्यालय कार्य एवं जनसेवाएं बिना किसी बाधा के जारी रहें।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।